पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने थाना समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, September 13, 2026

पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने थाना समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं

चित्रकूट,  सुखेन्द्र अग्रहरि : शनिवार को जनपद के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों ने थानों में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी देकर उसका फीडबैक लिया जाए, ताकि समाधान की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। थाना बहिलपुरवा में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। यहां उन्होंने शिकायतों के निस्तारण रजिस्टर और आख्या का परीक्षण करते हुए


अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। विशेषकर भूमि संबंधी विवादों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। वहीं थाना मऊ में एसडीएम मऊ ऋषि रमन सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। जिसमें दोनों अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों और निस्तारण रजिस्टर की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में पुलिस व राजस्व टीम के बीच बेहतर समन्वय बनाकर भूमि विवादों का प्राथमिकता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए।


थाना राजापुर में उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता व पुलिस क्षेत्राधिकारी यामीन अहमद की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान चार प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें तीन राजस्व और एक पुलिस से संबंधित था। दो मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। अधिकारियों ने पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर शेष मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर थाना प्रभारी नरेश कुमार प्रजापति सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इसी प्रकार जनपद के अन्य थानों में भी अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages