गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा मंदिर, दीवारी नृत्य ने बांधा समां
बांदा, के एस दुबे । शास्त्रीनगर अलीगंज में नूतन बाल समाज द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव का शुभारंभ गणेश प्रतिमा की वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्थापना कर किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्ति के साथ हिस्सा लिया। मंदिर परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद दत्तूपंत गुर्जर, अशोक त्रिपाठी जीतू, निखिल सक्सेना, राजेश शुक्ला और अभय पांडेय ने भगवान गणेश के साथ महान विचारक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक एवं संस्थापक गोपीनाथ शास्त्री की प्रतिमा की आरती उतारी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु
मौजूद रहे। नूतन बाल समाज के अशोक त्रिपाठी जीतू ने कहा कि गणेश महोत्सव सामाजिक एकता और राष्ट्र के प्रति संकल्प को मजबूत करने वाला महापर्व है। भगवान गणेश का जीवन दर्शन प्रकृति संरक्षण और संतुलन का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि गणेश महोत्सव का आयोजन 23 सितंबर तक चलेगा।
दीवारी नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान रमेश पाल एंड पार्टी, बड़ोखर के कलाकारों ने बुंदेलखंड की लोक संस्कृति से जुड़ा पारंपरिक दीवारी नृत्य प्रस्तुत किया। युवा कलाकारों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष मालती बासू, ज्योत्स्ना पुरवार, वीरेंद्र सक्सेना, सचिन चतुर्वेदी, सुनील सक्सेना, रामप्रसाद सोनी सहित शहर के सैकड़ों श्रद्धालु महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment