गिरवां में अवैध खनन और क्रेशरों की धूल से जनजीवन बेहाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 14, 2026

गिरवां में अवैध खनन और क्रेशरों की धूल से जनजीवन बेहाल

ग्रामीणों ने डीएम से की नो एंट्री व कार्रवाई की मांग

बांदा, के एस दुबे । जिले के गिरवां क्षेत्र में बेखौफ जारी अवैध खनन, बेकाबू ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और क्रेशरों से उड़ने वाली धूल से तंग आकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी  को शिकायती पत्र सौंपकर खनन से जुड़े भारी वाहनों के लिए श्नो एंट्रीश् लागू करने तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि इलाके में दिन-रात तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक फर्राटा भर रहे हैं। ट्रकों में क्षमता से अधिक लदी गिट्टी और बालू सड़कों पर गिरती रहती है, जिससे दोपहिया व अन्य वाहन चालकों के लिए हर समय बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। इतना ही नहीं, भारी वाहनों के लगातार गुजरने से हाल ही में बनी नई सड़कें भी उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो रही हैं।


पहाड़ों पर हो रहे खनन और हैवी ब्लास्टिंग पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए ग्रामीणों ने कहा कि तेज धमाकों के कारण पहाड़ों पर स्थित वर्षों पुराने पौराणिक शिव मंदिर और हनुमान मंदिर को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने आस्था के केंद्रों, पहाड़ों के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को बचाने के लिए खनन रोकने की पुरजोर मांग की है। गिरवां क्षेत्र में संचालित क्रेशरों से उड़ने वाले धूल के गुबार पर चिंता व्यक्त करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि दिन-रात उड़ती धूल ने आसपास के गांवों के लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। इससे जहाँ एक ओर लोग श्वसन संबंधी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर किसानों की लहलहाती फसलों पर धूल जमने से वे बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध खनन, ओवरलोडिंग और प्रदूषण फैला रहे क्रेशरों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages