बांदा, के एस दुबे । नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 20 सेढ़ू तलैया स्थित छोटी काली देवी मंदिर के पास (वोडाफोन टावर के समीप) 8 सितंबर को बिजली का जर्जर खंभा गिरने के बाद भी विद्युत विभाग द्वारा नया खंभा नहीं लगाया गया। कई दिन बीतने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली का खंभा गिरने की सूचना अधिशासी अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण खंड, एसडीओ और जेई को दूरभाष के माध्यम से दी गई थी।
एसडीओ की ओर से कार्य कराने के निर्देश दिए जाने का संदेश भी उपभोक्ताओं को मिला, लेकिन इसके बावजूद मौके पर न तो कोई अधिकारी पहुंचा और न ही नया खंभा लगाया गया। ज्ञापन में क्षेत्र के 5-7 जर्जर बिजली खंभों को बदलकर नए खंभे लगाने तथा जमीन तक लटक रही केबलों को तत्काल ऊंचा कराने की मांग की गई है।
दो साल पहले भी भेजी गई थी रिपोर्ट
उपभोक्ताओं के मुताबिक आईजीआरएस पर की गई शिकायत के संबंध में विद्युत नगरीय वितरण खंड, बांदा के अधिशासी अभियंता ने करीब दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री कार्यालय को सूचना दी थी कि कार्यदायी संस्था मैसर्स गंगा इन्फ्राप्रोजेक्ट लिमिटेड, कानपुर को उक्त स्थल पर कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। आरोप है कि इसके बावजूद आज तक धरातल पर कोई प्रभावी कार्य नहीं हुआ।
स्ट्रीट लाइट के खंभों पर डाली भारी केबल
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद द्वारा स्ट्रीट लाइट के लिए लगाए गए हल्के खंभों पर ही विद्युत विभाग ने भारी-भरकम केबल डाल दी। इससे कई खंभे तिरछे हो गए हैं। कुछ स्थानों पर केबल जमीन को छू रही हैं और खंभे मकानों की ओर झुके हुए हैं। क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई कि जर्जर खंभों और लटकती केबलों के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से विद्युत विभाग के आला अधिकारियों को मौके पर भेजकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कराने और सभी जरूरी विद्युत कार्य तत्काल कराने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment