मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
बांदा, के एस दुबे । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया और चुनावी निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को बांदा जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।अशोक लाट परिसर में एकत्र हुए सैकड़ों कांग्रेसियों ने धरना-प्रदर्शन के बाद कचहरी चौराहे तक विशाल विरोध जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा खान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े किए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर की आड़ में बड़े पैमाने पर पात्र मतदाताओं के नाम काटकर उनके मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त पर निष्पक्षता छोड़कर सत्ताधारी दल के पक्ष में काम करने के गंभीर आरोप लगाए गए। नेताओं ने कहा कि वोट चोरी के इस मुद्दे को कांग्रेस पार्टी गांव-गली से लेकर संसद तक पुरजोर तरीके से उठाएगी।
एफआईआर दर्ज करने और पद से हटाने की मांग प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाए।उनके कार्यकाल के दौरान कराए गए सभी चुनावों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।मतदाता सूची में की जा रही कथित गड़बड़ियों पर तुरंत रोक लगाई जाए।बड़े जन आंदोलन की दी चेतावनी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी लगातार देश भर में मतदाता सूची की निष्पक्षता और श्वोट चोरीश् के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो पार्टी इस विरोध को जन आंदोलन का रूप देगी। नेताओं ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में जिले के हर गांव और सड़क पर बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।


No comments:
Post a Comment