कमासिन /बांदा, के एस दुबे । जनपद में बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कमासिन क्षेत्र में बागै नदी के उफान पर आने से ग्राम पंचायत इटर्रा का संपर्क मार्ग जलमग्न हो गया है, जिससे गाँव का सड़क संपर्क कट गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख कमासिन रावेंद्र गर्ग और खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश द्विवेदी ने मौके पर पहुँचकर जलभराव व नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। ऊपरी क्षेत्र में बने डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नदी में पानी का बहाव व स्तर बढ़ा है। पानी
भरने से आसपास के खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुँचने की आशंका जताई जा रही है। खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश द्विवेदी ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। इटर्रा गाँव के संपर्क मार्ग के प्रभावित होने पर ग्रामीणों की आवाजाही के लिए तत्काल प्रभाव से दो नावों की व्यवस्था करा दी गई है। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारी को दो और बड़ी नावें तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जलस्तर और बढ़ने पर भी ग्रामीणों को कोई असुविधा न हो। प्रशासनिक टीम लगातार नदी के जलस्तर पर निगरानी रख रही है। साथ ही अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुरक्षा के दृष्टिगत उफनती नदी या जलभराव वाले रास्तों के पास अनावश्यक रूप से न जाएँ।


No comments:
Post a Comment