चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पहाड़ी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित हिस्ट्रीशीटर को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। बीते सोमवार को पहाड़ी निवासी बलराम पुत्र ननकाई यादव ने थाना में तहरीर देकर बताया था कि राममिलन ने लोदहा रोड के पास उसे रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से चाकू से दो बार प्रहार किया। तहरीर के आधार पर राममिलन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना में राममिलन के हिस्ट्रीशीटर होने की जानकारी सामने आई। जिसके बाद मंगलवार को उपनिरीक्षक सत्यनारायण सिंह
की टीम ने बरेठी रोड स्थित तालाब के पास से राममिलन निवासी कलवारा बुजुर्ग हाल निवासी बरेठी रोड पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद किया गया। जिसके बाद आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला भी दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ पहाड़ी, कर्वी और रैपुरा थानों में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गुंडा अधिनियम, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में पहले से 22 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्यनारायण सिंह, कांस्टेबल मिथिलेश भारद्वाज और सत्येश कुमार शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment