पैलानी/बांदा, के एस दुबे । थाना परिसर के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे शुक्रवार को हादसे का कारण बन गए। गड्ढे में रिक्शे का पहिया चले जाने से रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रिक्शे में सवार गर्भवती महिला समेत चार-पांच महिलाएं घायल हो गईं। हादसा होते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाई और घायलों को पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायलों को राहत मिली।
स्थानीय लोगों के मुताबिक थाना परिसर के आसपास सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन, रिक्शा और अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाकर मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।


No comments:
Post a Comment