अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 15, 2026

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर हमला

लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट का आरोप, दो आबकारी सिपाही घायल

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । अवैध शराब के निष्कर्षण एवं बिक्री की रोकथाम के लिए कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर कोतवाली कर्वी में छह नामजद आरोपियों समेत करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक प्रणव कुमार पाण्डेय अपनी टीम के साथ बीते 14 सितंबर को क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और परिवहन की रोकथाम के लिए निकले थे। डीलौरा से गढ़ीवा जाने वाले मार्ग के तिराहे के पास टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मनोज कुमार गुप्ता की प्लाटिंग के समीप अवैध कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है।



सूचना के आधार पर आबकारी टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान करीब 10 से 15 लोग वहां पहुंच गए और आबकारी टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया तथा बीच-बचाव करने पर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में आबकारी सिपाही सागर के सिर में गंभीर चोट लगने की बात कही गई है। वहीं आबकारी सिपाही शिवसागर के हाथ और उंगलियों में भी चोट आने का उल्लेख प्राथमिकी में किया गया है। तहरीर में विजय निषाद पुत्र मोती लाल निवासी डीलौरा, पुरुषोत्तम उर्फ राजा पुत्र मुन्ना निषाद निवासी डीलौरा, जानकी निषाद, सुक्खू निषाद, देशराज निषाद तथा एक अन्य नामजद व्यक्ति सहित करीब 10 अज्ञात लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर कोतवाली कर्वी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages