राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । वामपंथी एवं लोकतांत्रिक मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रदेश सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन और सभा की। इसके बाद विभिन्न मांगों एवं आरोपों से संबंधित महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कर्वी के माध्यम से सौंपा गया। सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम के वरिष्ठ नेता कामरेड रुद्र प्रसाद मिश्र ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है और प्रदेश में ‘जंगलराज’ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने सहारनपुर की वर्ष 1911 में निर्मित मस्जिद को गिराए जाने की कार्रवाई को राजनीतिक ध्रुवीकरण से जोड़ते हुए इसे संविधान की भावना के विपरीत बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की मूल भावना को कमजोर कर मनुवादी व्यवस्था को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय डराने-धमकाने, बुलडोजर कार्रवाई और विभाजनकारी राजनीति का सहारा ले रही है। सीपीआई के जिला सचिव का. अमित यादव एडवोकेट ने कहा कि वामदल उत्तर प्रदेश में कथित ‘जंगलराज’ और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का विरोध करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को नजरबंद और हाउस अरेस्ट किया जा रहा है तथा विपक्षी नेताओं के संबंध में व्यक्तिगत जानकारियां जुटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को निगरानी और पुलिस राज की ओर ले जाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले की जा रही घोषणाओं और राहतों से जनता की मूल समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सरकार को रोजगार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन एवं सभा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा। इस दौरान कामरेड शिवम द्विवेदी, राजधर विश्वकर्मा, संदीप कुमार पाण्डेय, शारदा प्रसाद, रामस्वरूप, प्रद्युम्न, बांकीदास चुन्ना, मुन्ना यादव और दिनेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment