कई सालों से कच्ची सड़क छोड़ गया ठेकेदार, मोहल्लेवासी हो रहे परेशान
खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । कस्बे के हाईवे किनारे बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण अधूरा होने के कारण राहगीरों व क्षेत्रवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अचानक बंद कर दिया गया और ठेकेदार मौके से चले गए, जिससे सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। बरसात के दिनों में समस्या और भी गंभीर हो जाती है। रोड में निकलना दुश्वार हो जाता है।
![]() |
| कच्चे रास्ते का दृश्य। |
मोहल्ले के निवासी आकाश, प्रकाश चंद्र व अनमोल ने बताया कि सड़क निर्माण पूरा कराने के लिए नगर पंचायत में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय ने बताया कि उनके पास सड़क निर्माण अधूरा होने की कोई शिकायत नहीं पहुंची है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य अधूरा पाया गया तो संबंधित विभाग और ठेकेदार से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।


No comments:
Post a Comment