पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव बोले- हक की लड़ाई में पीछे न हटें किसान
सात अक्टूबर को लखनऊ में विधानसभा मार्च को सफल बनाने का आह्वान
हथगाम/फतेहपुर, मो शमशाद । विकासखंड की दंदवा ग्राम पंचायत में सोमवार को आयोजित उत्तर प्रदेश किसान सभा की पंचायत में किसानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष का बिगुल सुनाई दिया। पंचायत में बड़ी संख्या में जुटे किसानों को संबोधित करते हुए किसान सभा के प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव ने जोशीला अंदाज अपनाते हुए किसानों से अपने हक व अधिकारों के लिए एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी सात अक्टूबर को लखनऊ में होने वाले विधानसभा मार्च में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव ने कहा कि किसानों की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं और
![]() |
| किसानो को सम्बोधित करते पूर्व विधायक राजेन्द्र यादव। |
उनके अधिकारों को लेकर किसान सभा लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की जायज मांगों को लेकर आंदोलन को और मजबूती दी जाएगी। गांव-गांव किसानों को संगठित कर उनकी आवाज को बुलंद करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब किसान एकजुट होकर अपनी ताकत का एहसास कराएंगे, तभी उनकी आवाज सत्ता के गलियारों तक मजबूती से पहुंचेगी। पंचायत की अध्यक्षता कर रहे किसान सभा के जिलाध्यक्ष राधे रमन पाण्डेय ने भी किसानों को संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा मार्च को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक गांव से किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करें। पंचायत में किसानों के बीच आगामी आंदोलन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। पदाधिकारियों और किसान नेताओं ने संगठन को गांव-गांव मजबूत करने तथा अधिक से अधिक किसानों को आंदोलन से जोड़ने पर जोर दिया। इस मौके पर किसान नेता रामचंद्र, सरस, मदन पटेल, हरि शंकर पाण्डेय, सुरेश यादव, बाबू लाल यादव, उमाशंकर शास्त्री, सालिक राम पाण्डेय, सुमन सिंह चौहान, रामप्रकाश जिला सचिव भाकपा, मुन्ना मिश्रा, राम सिंह, लवकुश, राम सूरत पाण्डेय, जगदीश सिंह, राम विलास पाण्डेय व राजा महराज समेत सैकड़ों किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment