बांदा, के एस दुबे । पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. के आदेश के क्रम में सोमवार को जनपद में विशेष सघन बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बैंक शाखाओं, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण में 7 सितंबर को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बैंकों और एटीएम के आसपास होने वाली लूट, छिनैती, चोरी एवं टप्पेबाजी जैसी आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण
स्थापित करना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंक शाखाओं, एटीएम और वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन अलार्म सिस्टम, अग्निशामक यंत्र तथा आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति परखी गई।
बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सहयोग बनाए रखने की अपील की। सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया गया कि बैंक आने वाले ग्राहकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा कराया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। अभियान के दौरान बैंक एवं एटीएम परिसरों के आसपास संदिग्ध रूप से खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। संदिग्ध पाए गए लोगों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया तथा उन्हें बिना आवश्यक कारण बैंक परिसर एवं आसपास न रुकने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी दी गई।


No comments:
Post a Comment