कहार समाज की विशाल महापंचायत एवं बाइक रैली संपन्न - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 15, 2026

कहार समाज की विशाल महापंचायत एवं बाइक रैली संपन्न

एसटी आरक्षण, राजनीतिक भागीदारी और धर्मशाला के विकास की उठी मांग

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : अखिल भारतीय कहार महासभा के तत्वावधान में कहार समाज की विशाल महापंचायत एवं बाइक रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, शिक्षा, राजनीतिक भागीदारी और विकास को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। समाज के लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से उनके समाधान की अपील की।कार्यक्रम की शुरुआत बलदाऊ गंज, कर्वी से विशाल बाइक रैली निकालकर की गई। कानपुर से आए वीर बहादुर रैकवार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। बाइक रैली धनुष चौराहा, बेड़ी पुलिया और रामघाट होते हुए चित्रकूट स्थित कहार समाज धर्मशाला पहुंची, जहां रैली महापंचायत में परिवर्तित हो गई। रैली का मुख्य उद्देश्य कहार समाज को जागरूक करना और उसे समाज की मुख्यधारा से जोड़ना बताया गया। साथ ही, सरकार और राजनीति में कहार समाज की भागीदारी सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।



महापंचायत में मुख्य वक्ता अखिल भारतीय गोंड महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामनाथ गोंड ने समाज के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोंड समाज के अंतर्गत कहार समाज की सभी उपजातियों को शामिल किया गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कहार समाज की सभी उपजातियों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का आरक्षण दिया जाए, ताकि समाज को उसका अधिकार मिल सके। दिल्ली से आए अखिल भारतीय कश्यप महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्यप रामसिंह भाटी ने समाज के लोगों से राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज के किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या हो तो वह दिल्ली आकर संपर्क कर सकता है। हरसंभव सहयोग का प्रयास किया जाएगा। जल शक्ति मंत्रालय से आए प्रथम श्रेणी अधिकारी अनिल कुमार ने समाज के लोगों से अपने बच्चों को शिक्षित बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की तरक्की का आधार है। यदि किसी प्रतिभाशाली बच्चे को आर्थिक परेशानी है तो इसकी जानकारी दी जाए। ऐसे बच्चों की पढ़ाई में सहयोग किया जाएगा। अखिल भारतीय कहार महासभा के मंडल अध्यक्ष कश्यप मुन्ना लाल अकेला ने कहार समाज धर्मशाला के समुचित विकास के लिए कई प्रस्ताव रखे। उन्होंने धर्मशाला में बड़ा मीटिंग हॉल, पार्किंग स्थल, गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए आवासीय विद्यालय और छात्रावास बनाने की मांग की।उन्होंने कहा कि अमावस्या के दौरान धर्मशाला के कमरे केवल दो दिन उपयोग में आते हैं, जबकि बाकी 28 दिन कमरे खाली रहते हैं। ऐसे में इन कमरों का बेहतर उपयोग करते हुए गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए व्यवस्था की जा सकती है। इससे समाज के लोगों को भी लाभ मिलेगा और धर्मशाला का उद्देश्यपूर्ण विकास हो सकेगा। बाइक रैली का संचालन कश्यप आरएम बाथम ने किया, जबकि महापंचायत के मंच का संचालन शिवकुमार ने किया। कार्यक्रम में अमित कश्यप, मनीष बाथम, शुभम कश्यप, राजेश रैकवार, उमेश कश्यप, परांशु रैकवार, अर्जुन कश्यप, गोविंद निषाद, ओमप्रकाश रैकवार, जागेश्वर रैकवार, लवकुश रैकवार और वीर बहादुर रैकवार सहित समाज के कई लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष कश्यप मुन्ना लाल अकेला ने समाज के लोगों से एकजुट होकर शिक्षा, सामाजिक विकास और राजनीतिक भागीदारी के लिए कार्य करने का आह्वान किया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages