बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार, हर नुकसान की होगी भरपाई- योगी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, September 6, 2026

बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है सरकार, हर नुकसान की होगी भरपाई- योगी

धर्मनगरी का सीएम ने किया हवाई सर्वेक्षण, 800 परिवारों को बांटी राहत सामग्री

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित चित्रकूटवासियों को राहत देने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर, सीतापुर में 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। बाढ़ में आश्रयहीन हुए परिवारों को आवास के लिए भूमि आवंटन प्रमाण पत्र तथा आपदा मोचक निधि से राहत राशि भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में चित्रकूटवासी खुद को अकेला न समझें, सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार एक ही दिन में 660 मिलीमीटर से अधिक वर्षा और मध्य प्रदेश से भारी मात्रा में पानी आने के कारण मंदाकिनी का जलस्तर असाधारण रूप से बढ़ा। कई स्थानों पर चार मंजिल तक पानी पहुंचा और घरों, दुकानों, खेतों, मंदिरों तथा घाटों को नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि बाढ़ की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पीएसी की फ्लड यूनिट की अतिरिक्त कंपनियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय पर बचाव कार्य होने और ईश्वर की कृपा से बड़ी जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नदी के कैचमेंट एरिया में अनियोजित निर्माण और अतिक्रमण से बचना होगा। नदी के स्वाभाविक प्रवाह के लिए पर्याप्त रास्ता रखना जरूरी है, अन्यथा भविष्य में बड़ी जनधन की हानि हो सकती है। उन्होंने प्रशासन को बाढ़ से क्षतिग्रस्त मठ, मंदिर, मकान और दीवारों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।



योगी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को लगभग 26 वस्तुओं वाली करीब 50 किलो की राहत किट दी जा रही है, जिसमें खाद्यान्न के साथ दैनिक उपयोग की सामग्री भी शामिल है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों में भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध रखने को कहा गया है। डूबने, आकाशीय बिजली या वन्यजीव के हमले से मृत्यु होने पर प्रभावित परिवार को 24 घंटे के भीतर चार लाख रुपये की सहायता देने की व्यवस्था बताई गई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से नष्ट हुए गरीबों के मकानों के लिए प्रधानमंत्री आवास या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नया आवास और जमीन का पट्टा उपलब्ध कराया जाएगा। फसल, सड़क, घाट, बिजली के पोल और तारों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, व्यापारी, महिला, नौजवान और साधु-संतकृजिसका भी नुकसान हुआ है, सरकार उसकी हर संभव मदद करेगी।


रामघाट के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने साधु-संतों और बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। रैन बसेरे में ठहरे लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बाढ़ प्रभावित बच्चों को चॉकलेट, टाफी, स्कूल बैग व किताबें वितरित कीं। कार्यक्रम में मुकेश, लल्लू और चुन्नीलाल को आवास के लिए 1.20 लाख रुपये के डेमो चेक तथा रामसूरत और सूरजकली को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने आपदा पीड़ित परिवारों के बच्चों को चॉकलेट दी।


इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, जनपद के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मानिकपुर विधायक अविनाश चन्द्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य, पूर्व सांसद रमेश चन्द्र द्विवेदी, आर के सिंह पटेल, भैरव प्रसाद मिश्रा, पूर्व राज्य मंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व विधायक आनन्द शुक्ला, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नरेन्द्र गुप्ता, ब्लाक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, मानिकपुर अरिवंद मिश्रा, मऊ सुशीला वर्मा, भाजपा नेता जगदीश गौतम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आशीष कोल, क्षेत्रीय मंत्री आंनद पटेल, भाजपा नेत्री अंजू वर्मा, एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण, आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बाँदा अजीत कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र बाँदा राजेश एस, जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय सहित सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages