कुपोषण से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों को बांटी पोषण किट
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं विभागीय लाभार्थियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार और सहायिकाओं का छह हजार रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पांच लाख रुपये तक के आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कवच से जोड़ने, तीन साड़ियां उपलब्ध कराने तथा राज्य वित्त से अधिक से अधिक आधुनिक
आंगनबाड़ी केंद्र विकसित करने की घोषणा की गई। घोषणाओं से आंगनबाड़ी कर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम में सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए छह बच्चों अनुश्री, चेतना, वैष्णवी, अपूर्वा, प्रांसु और रीवांशी के अभिभावकों को पोषण किट वितरित कर सम्मानित किया गया। वहीं सम्भव अभियान-6.0 के उत्कृष्ट कार्मिकों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, आरके सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष सुशील द्विवेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय सहित सम्बन्धित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment