15 हजार श्रद्धालुओं को गल्ला व्यापारियों ने कराया प्रसाद
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : भाद्रपद अमावस्या पर शुक्रवार को चित्रकूट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में मेला क्षेत्र की ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई गई। रामघाट, निर्मोही अखाड़ा, परिक्रमा मार्ग, प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों और आवागमन मार्गों पर ड्रोन से लगातार नजर रखी गई। फुटेज के आधार पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभावी बनाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने क्षेत्राधिकारी नगर सत्येंद्र सिंह के साथ रामघाट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था देखी। मंदाकिनी नदी के घाटों पर विशेष सतर्कता
बरतने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने और गहरे पानी में न जाने के लिए जागरूक किया गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त, प्रभावी बैरियरिंग और आवश्यकता के अनुसार रूट डायवर्जन लागू कराने के निर्देश दिए गए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करने के साथ सतर्कता और संवेदनशीलता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस का कहना है कि ड्रोन निगरानी से उन स्थानों पर भी नजर रखी जा रही है, जहां सामान्य तौर पर पहुंच कठिन होती है। अमावस्या के अवसर पर कर्वी गल्ला मंडी के व्यापारियों के सौजन्य से स्टेशन रोड कर्वी में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा लगातार 14वें वर्ष आयोजित हुआ। व्यापारियों के सहयोग से करीब 35 क्विंटल पूड़ी-सब्जी तैयार कर लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में शिवमंगल सिंह, राजीव अग्रवाल सिंह, सोनू शर्मा, गुलाब गुप्ता, अनिल अग्रहरि, सूर्यकुमार सेठ, श्यामलाल सिंह, संजय केसरी, संतोष कुमार केसरवानी, विनोद कुमार गुप्ता, मनोज कुमार, पवनेश कुमार केसरवानी, उमादत्त पांडेय, बद्री प्रसाद केसरवानी, गंगा प्रसाद, कौशल किशोर, सुंदरलाल, विमलेश कुमार, लक्ष्मी प्रसाद, रंजन कुमार, सुमेरचंद, सीताराम, मनीष सिंह, सलाउद्दीन, शिवप्रसाद मिश्रा, राकेश मिश्रा, मनधीर सिंह, ज्ञान सिंह, ब्रजकिशोर, मुंशीलाल सिंह, आनंद अग्रवाल, गिरजा सिंह, रज्जू साहू, मोहन जैन, लालमन, राजेश समेत अनेक व्यापारियों का सहयोग रहा।


No comments:
Post a Comment