नाली सफाई के नाम पर खानापूर्ति का आरोप - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 23, 2026

नाली सफाई के नाम पर खानापूर्ति का आरोप

डेढ़ माह से जलभराव की समस्या, स्थानीय लोगों ने पालिका कर्मियों पर लापरवाही के लगाए आरोप

बांदा, के एस दुबे । शहर के छोटी बाजार स्थित कमतू फाटक के अंदर नाली की सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ माह से नाली अवरुद्ध होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन नगर पालिका परिषद के जिम्मेदारों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शिकायत के बाद सफाई कर्मी मौके पर पहुंचे और नाली की सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति कर चले गए। आरोप है कि सफाई के दौरान वीडियो भी बनवाया गया, जबकि नाली की समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान जलभराव के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। बताया गया कि यह नाली काफी पुरानी है और इसका पानी खिन्नी नाका स्थित सरकारी स्कूल के पास नाले में जाता


है। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब छह दशक से नाली के पानी की निकासी में इस तरह की समस्या नहीं आई थी, लेकिन पहली बार लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका के सफाई निरीक्षक हेमंत प्रसाद को अवगत कराया गया। उनके स्तर से मौके का निरीक्षण भी किए जाने की बात कही गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों के अनुसार पूर्व में सफाई कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई थी, लेकिन अब तक किसी कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में सफाई निरीक्षक हेमंत प्रसाद से संपर्क किया गया तो उन्होंने पहले बैठक में होने की बात कहते हुए बाद में बातचीत करने को कहा। खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से इस मामले में कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से नाली की पूरी तरह सफाई कराने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा लापरवाही की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।



No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages