बाढ़ में सियासत नहीं, पीड़ितों के बीच पहुंचे पुष्पेंद्र सिंह - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 8, 2026

बाढ़ में सियासत नहीं, पीड़ितों के बीच पहुंचे पुष्पेंद्र सिंह

245 परिवारों को राहत किट बांटकर बोले—“आपदा में भाषण नहीं, मदद चाहिए; जनता को अकेला नहीं छोड़ेंगे”

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । मंदाकिनी की बाढ़ से उपजे संकट के बीच जहां सैकड़ों परिवार अपनी गृहस्थी बचाने और दोबारा जिंदगी पटरी पर लाने की जद्दोजहद में जुटे हैं, वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुंवर पुष्पेंद्र सिंह ने राहत सामग्री लेकर सीधे बाढ़ प्रभावित गांवों का रुख किया। उन्होंने अरछा बरेठी, सुरसेन और पनौटी पहुंचकर 245 बाढ़ पीड़ित एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत किट वितरित की। राहत किट में खाद्य सामग्री के साथ गृहस्थी की जरूरतों से जुड़ी 21 प्रकार की आवश्यक सामग्री शामिल रही। राहत सामग्री पाकर प्रभावित परिवारों के चेहरों पर राहत नजर आई। इस दौरान पुष्पेंद्र सिंह ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और संकट की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।



“मुसीबत में भाषण नहीं, तत्काल मदद जरूरी”

कुंवर पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि आपदा की घड़ी में राजनीति से अधिक इंसानियत की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर और गृहस्थी बाढ़ के पानी से तबाह हो गई हो, उनके बीच केवल भाषण देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। ऐसे समय में जमीन पर उतरकर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने कहा, “जिसका घर पानी में डूबा हो, जिसका चूल्हा कई दिनों से न जला हो, उसके लिए राजनीतिक बयान नहीं बल्कि तत्काल मदद मायने रखती है। हम केवल फोटो और भाषण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर यथासंभव मदद करते रहेंगे।”


बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी जारी रहेगा संघर्ष

पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ का पानी भले ही उतर जाए, लेकिन प्रभावित परिवारों की मुश्किलें इतनी जल्दी खत्म नहीं होंगी। कई परिवारों की वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई गृहस्थी बर्बाद हुई है। उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़े होने में समय लगेगा। उन्होंने कहा, “संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला छोड़ देना संवेदनहीनता होगी। कांग्रेस कार्यकर्ता राहत और सहयोग के लिए लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचते रहेंगे।” उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने राहत वितरण में किसी भी तरह के भेदभाव से बचने की बात कहते हुए कहा कि आपदा में मदद का आधार जरूरत होना चाहिए, राजनीतिक पहचान नहीं।


लगातार राहत कार्य में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता

कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुशल सिंह पटेल एडवोकेट ने कहा कि बाढ़ आने के बाद से कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों की सहायता में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि राहत और सहयोग का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। राहत वितरण के दौरान राजू सिंह, विजय मणि त्रिपाठी, कामता द्विवेदी, विनय कुमार सिंह, रामकृपाल वर्मा, नरेंद्र यादव पूर्व प्रधान मिर्जापुर, रोशन सिंह, सत्यवीर सिंह, मोहन सिंह, अनिल साहू, विनय सिंह, वीरेंद्र सिंह, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages