संस्कृत गीत व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में मेधावियों ने जीते पुरस्कार, मंडल स्तर पर करेंगे जनपद का प्रतिनिधित्व
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के तत्वावधान में रविवार को जनपद चित्रकूट में संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने संस्कृत गीत और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मंगलाचरण के पश्चात प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अनिल प्रधान तथा विशिष्ट अतिथि दुर्विजय सिंह यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता
प्रधानाचार्य वंदना कुमारी ने की। जनपद संयोजक विष्णु कुमार ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियमों एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इसके बाद संस्कृत गीत प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मधुर एवं प्रभावी प्रस्तुतियां देकर खूब सराहना बटोरीं। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में भी छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता एवं ज्ञान का परिचय दिया।
संस्कृत गीत में आख्या सिंह प्रथम
संस्कृत गीत प्रतियोगिता में आख्या सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹1,000 का पुरस्कार जीता। अंशिका पांडे द्वितीय स्थान पर रहीं और उन्हें ₹800, जबकि आनंद मोहन पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹700 का पुरस्कार हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार के रूप में कोमल, अनुज सिंह एवं विष्णु देव त्रिपाठी को ₹500-₹500 प्रदान किए गए।
सामान्य ज्ञान में संस्कार मिश्र अव्वल
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में संस्कार मिश्र ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹1,000 का पुरस्कार हासिल किया। आदर्श मिश्र ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹800 तथा सत्यदेव ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹700 का पुरस्कार जीता। सांत्वना पुरस्कार के रूप में सृष्टि, रामादेवी एवं मोहित तिवारी को ₹500-₹500 प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब मंडल स्तर की प्रतियोगिता में जनपद चित्रकूट का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन अवसर पर विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। जनपद संयोजक विष्णु कुमार ने कहा कि जिन प्रतिभागियों को इस बार स्थान नहीं मिल सका, उनका प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। प्रतियोगिता का परिणाम प्रतिभा की सीमा नहीं, बल्कि आगे और बेहतर करने की प्रेरणा है। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों को मंडल स्तर के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे आगे राज्य स्तर तक पहुंचकर चित्रकूट का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षकों, अभिभावकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


No comments:
Post a Comment