बांदा, के एस दुबे । जिले के बदौसा थाना क्षेत्र स्थित एक विद्यालय से गुरु-शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर देने वाला गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक शिक्षक पर मासूम बच्ची के साथ गलत काम करने का संगीन आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पीड़ित मासूम बच्ची के बयान दर्ज करने के साथ ही उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। इसके साथ ही घटना की सच्चाई और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विद्यालय के समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ को
हिरासत/पूछताछ के दायरे में लेकर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि पीड़िता का न्यायालय के समक्ष बयान 164 के तहत दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस निष्पक्षता से जांच को आगे बढ़ा रही है।


No comments:
Post a Comment