चांद देखकर सुहागिनों ने मांगी पति की लम्बी आयु - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, October 20, 2024

चांद देखकर सुहागिनों ने मांगी पति की लम्बी आयु

सारे दिन तैयारी बाद सोलह श्रृंगार कर सुहागिनों ने की पूजा

पूजा करने के बाद पतियों ने भी पत्नियों को दिए तोहफे

फतेहपुर, मो. शमशाद । सुहागिनों के लिए खास कारवा चौथ का पर्व रविवार को महिलाओं ने हर्षाल्लास के साथ मनाया। भोर पहर उठकर उन्होंने व्रत रखा और दिनभर पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। देर शाम सोलह श्रृंगार कर सुहागिनों ने चलनी से चांद का दीदार कर पति की दीर्घायु की कामना की। वहीं पतियों ने भी अपनी पत्नी को पानी पिलाकर व्रत तुड़वाया और तोहफा भी दिया। प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ का पर्व मनाया जाता है। रविवार को महिलाओं ने व्रत रखा और दिन भर कथाओं का दौर चलता रहा। इसके अलावा सुहागिनें पूजा की तैयारियों में जुटी रही और सबसे सुंदर दिखने को लेकर उन्होंने सोलह श्रृंगार किया। शाम होते ही महिलाएं चांद का दीदार करने को बेताब रहीं। चांद निकलते ही उन्होंने अपने घरों की छतों पर पहुंचकर चलनी से चांद का दीदार किया और भगवान शिव, पार्वती व श्री गणेश की विधिवत पूजा अर्चना की। उन्होंने पतियों की लंबी उम्र व सुखद जीवन की भी भगवान से कामना की। इसके बाद पतियों ने सुहागिनों को पानी पिलाकर उनका व्रत तुड़वाया और उपहार स्वरूप उन्हें कुछ न कुछ तोहफा दिया। इस वर्ष करवा चौथ को लेकर महिलाओं में गजब का उत्साह देखा गया।

चांद का दीदार करती सुहागिन महिला।

जेल में 14 महिला बंदियों ने रखा व्रत

जिला कारागार में निरुद्ध कुल 32 महिला बंदियों में 14 ने करवा चौथ का व्रत रखते हुए पति के लंबी उम्र की कामना की। करीब आधा दर्जन महिलाओं के पति भी जेल में निरुद्ध होने के कारण सुहागिनों ने जेल में ही अपने पति का दीदार किया, अन्य सुगागिनों के पति से जेल प्रशासन ने फोन पर बात कराई। सुहागिनों के लिए करवा चौथ पर्व के लिए कारागार प्रशासन ने पूरी व्यवस्था की। जेल अधीक्षक प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पूजन की सारी सामग्री के साथ चीनी दूध की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। व्रती महिलाओं ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर पतियों के हाथ से व्रत का परायण किया। बताया कि पर्व को लेकर पूजन सामग्री के साथ खानपान की व्यवस्था की गई थी जो देरशाम जेल के अंदर महिलाओं ने पूजा अर्चना किया।

क्या बोली सुहागिनें..........

व्रत से जीवन में खुशहाली

सुहागिनों के लिए यह पर्व काफी महत्व रखता है। व्रत रखने से दापंत्य जीवन में खुशहाली बनी रहती है। इस व्रत को करने से जो प्रसन्नता की अनुभूति होती है उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है- पूजा श्रीवास्तव

हजारों खुशियां लेकर आता पर्व

करवा चौथ का त्योहार हजारों खुशियां लेकर आता है। इस त्योहार का हर सुहागिन को बेसब्री से इंतजार रहता है। व्रत करना बहुत अच्छा लगता है। कभी भी व्रत में कोई दिक्कत नहीं हुई। उत्साह से व्रत विधान के साथ करते हैं- गर्विता सिंह

चांद का रहता है इंतजार

करवा चौथ के त्योहार पर पूजन अर्चन के बाद बेसब्री के साथ चांद के दीदार का इंतजार रहता है। चांद निकलने के बाद अर्घ्य देकर पति के द्वारा व्रत को खुलवाया जाता है और हमेशा कुछ न कुछ आकर्षक उपहार भी दिया जाता है- संगीता यादव 

विश्वास और श्रद्धा का पर्व

विश्वास व परम श्रद्धा का पर्व करवाचौथ है। इस व्रत में कभी भी भूख व प्यास महसूस नहीं हुई। हमेशा उत्साह व उमंग बनी रहती है। पति के द्वारा जब जल पिलाकर मुंह मीठा कराया जाता है, तो अपार ही खुशी मिलती है- रोली शुक्ला


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages