फतेहपुर, शमशाद खान । डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान के बाद बुधवार को मतों की गिनती का काम प्रातः दस बजे से शुरू होना था। लेकिन देर रात से हो रही लगातार बारिश के चलते विलम्ब से गणना का काम शुरू हो सका। शाम पांच बजे तक मतों की गिनती के बाद सर्व समाज अधिवक्ता संगठन से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुशील मिश्रा को तीन सौ वोट मिले थे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वन्दी आदर्श अधिवक्ता संगठन के संतोष कुमार त्रिपाठी को दो सौ सैंतालीस मत मिले थे। इस प्रकार सुशील मिश्रा तिरपन वोटों से आगे चल रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक मतों की गणना का काम जारी है।
| मतगणना में लगे कार्मिक। |
बताते चलें कि एसोसिएशन के लिए अध्यक्ष व मंत्री सहित कुल 23 पदों के लिए 47 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। सर्व समाज की ओर से अध्यक्ष पद पर सुशील मिश्रा व आदर्श अधिवक्ता संगठन की ओर से संतोष त्रिपाठी आमने सामने हैं। जबकि निर्दलीय अध्यक्ष पद के लिए सेवालाल सोनकर भी मैदान में है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र प्रताप सिंह के अलावा सह निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जितेन्द्र कुमार सिंह, लक्ष्मीकांत अवस्थी, हरिश्चन्द्र, महेन्द्र सिंह परिहार, जीत कुमार मौर्य, श्रवण कुमार शुक्ला की देखरेख में गणना का कार्य शुरू कराया गया। कार्यकारिणी के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्य पदों की गणना का काम कलेक्ट्रेट स्थित बार एसोसिएशन हाल व अन्य पदों के लिए लाइब्रेरी हाल में गणना जारी है। सुशील मिश्रा लगातार अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी संतोष त्रिपाठी पर बढ़ंत बनाये हुए हैं। शाम पांच बजे तक की गणना के बाद सुशील मिश्रा को तीन सौ व संतोष त्रिपाठी को दो सौ सैंतालीस मत मिले थे। इस प्रकार सुशील मिश्रा तिरपन मतों की लीड लेकर आगे चल रहे हैं। वहीं सेवालाल सोनकर को अब तक 58 मत मिले हैं। समाचार लिखे जाने तक मतगणना का कार्य जारी है। परिणाम को लेकर दोनों गुटों के समर्थकों का जमावड़ा मतगणना स्थल के बाहर बारिश के बावजूद लगा हुआ है। परिणाम जानने के लिए अधिवक्ताओं के अलावा बाहरी समर्थक भी एक-दूसरे को फोन करके जानकारी हासिल करने का प्रयास करते रहे।

No comments:
Post a Comment