इनामी दस्यु संजय कोल मुठभेड़ में गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, September 24, 2019

इनामी दस्यु संजय कोल मुठभेड़ में गिरफ्तार

बंदूक समेत फिरौती के हिस्से की रकम बरामद

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। इनामी डकैत सरगना बबुली व लवलेश के मारे जाने के बाद असलहे समेत फरार चार बदमाशों में से पुलिस ने एक लाख के इनामी सदस्य संजय कोल को मुठभेड़ बाद गिरफ्तार करने में बडी सफलता हासिल की है। कब्जे से दो नाली बंदूक, कारतूसों सहित फिरौती के हिस्से में मिले 11 हजार रुपए बरामद हुए हैं। इसके पूर्व बीते 19 सितम्बर को पुलिस ने इसी गिरोह का सदस्य सोहन कोल को मुठभेड दौरान अत्याधुनिक हथियारों के साथ दबोचा था।

सोनेपुर स्थित पुलिस आफिस में पत्रकारों से रूबरू हुए एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक सुजीत पाण्डेय एवं पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा दीपक कुमार के निर्देशन में एंटी डकैती टीमों को आईएस 262 बबुली गैंग के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी में लगाया गया था। इन्हीं प्रयासों के दौरान बीती 23 सितम्बर को एक लाख रुपए का इनामी डकैत संजय कोल पुत्र राजा निवासी टिकरिया थाना मारकुण्डी को मुठभेड में गुरसराय जंगल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई है। एसपी ने बताया कि गैंग लीडर बबुली कोल व लवलेश के मारे जाने के बाद चार सदस्य असलहे लेकर फरार हुए थे। जिसमें 19 सितम्बर को सोहन कोल को दो आटोसेमी थर्टी रायफल व एक 315 बोर रायफल एवं एक सैकडा कारतूस के साथ दबोचा गया था। अन्य फरार बदमाशों की गिरफ्तारी को चित्रकूटधाम परिक्षेत्र एवं जिले की एंटी डकैती टीमें लगातार दबिश दे रही थी। बीते 23 सितम्बर को जरिए मुखबिर सूचना मिलने पर टीमें डकैत संजय की तलाश में जंगल में कूद गई। पुलिस पार्टी को देखते ही दस्यु संजय ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए डकैत संजय को दबोचने में सफलता प्राप्त की है। कब्जे से दो नाली फैक्टीमेड बंदूक, पांच जिंदा कारतूस एवं नौ खोखे समेत फिरौती में मिले हिस्से के 11 हजार दो सौ रुपए बरामद हुए हैं। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ मप्र के सतना जिले के विभिन्न थानो समेत चित्रकूट के मारकुण्डी थाने में कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में प्रभारी एंटी डकैती केशव प्रसाद दुबे, एसआई शिव प्रसाद, संदीप पटेल, रोहित तिवारी, मुख्य आरक्षी रईश खान, प्रदीप दुबे, बृजकिशोर, लाखन, आशीष, राहुल, अनिल, रामबाबू, शिवाकांत, जितेन्द्र आदि रहे।


दबोचे गए बदमाश ने भी खोली मप्र पुलिस मुठभेड की पोल
चित्रकूट। दस्यु सरगना बबुली और लवलेश को मप्र पुलिस ने नहीं हमने गोलियो से भून डाला है। यह बात दबोचा
गया एक लाख का इनामी बदमाश संजय कोल ने पुलिस आफिस के बाहर पत्रकारों से कही है। कहा कि मप्र पुलिस दोनो सरगना की लाशें समेटने के बाद उनकी कमर में कारतूसो का पट्टा व बंदूक रखकर मुठभेड में मार गिराने का फर्जी दावा किया है। अगर मुठभेड में बबुली को मारा है तो उनकी अत्याधुनिक रायफलें पुलिस क्यों नहीं बरामद कर सकी। जबकि बबुली व लवलेश के पास अत्याधुनिक रायफलें रहती थी। अपने साथी सोहन, छोटवा के साथ मिलकर सोते समय दोनो को मौत के घाट उतारने के बाद असलहे लेकर अलग गैंग बनाने की योजना थी।

आईएस 262 बबुली गैंग का सफाया
चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने बताया कि आईएस 262 गैंग का अब पूरी तरह सफाया हो गया है। जल्द ही फरार चल रहा दस्यु छोटा को दबोचा जाएगा। इस कार्यवाही से पाठा की जनता भयमुक्त महसूस कर रही है। 

एक लाख अतिरिक्त ईनाम की घोषणा
चित्रकूट। अंर्तराज्यीय बबुली कोल गैंग के एक लाख का इनामी खूंखार सदस्य संजय कोल को पकड़ने वाली पुलिस टीम को शासन ने एक लाख रुपए का अलग से इनाम देने की घोषणा की है। एसपी ने बताया कि अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्द्धन को एक लाख रुपए इनाम घोषित किया है। बताया कि गैंग के फरार सदस्यों की गिरफ्तारी में 14 जवानों को गठित टीम लगाई गई थी। जिसमें एक निरीक्षक, तीन उप निरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी व आठ आरक्षी शामिल थे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages