फतेहपुर, शमशाद खान । यमुना तटवर्ती क्षेत्रों में आयी बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन जहां गम्भीर है वहीं बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए प्रयास शुरू कर दिये हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी ने जहां ललौली क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया था वहीं बुधवार को किशनपुर के बाढ़ क्षेत्र को नांव से देखा और गांव वालों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। जिलाधिकारी ने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों की दिक्कतों को दूर करने में कोताही न बरती जाये।
![]() |
| नांव में बैठकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेते डीएम-एसपी। |
जिलाधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक रमेश ने किशनपुर इलाके में आयी बाढ़ वाले इलाकों का नांव से जायजा लिया और प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुनने के बाद निराकरण कराया। जिलाधिकारी ने पिपरहा डेरा, महोली डेरा, करौली, अटैचा, महावतपुर असहट में भी पहुंचकर बाढ़ का जायजा लेते हुए आवश्यक इंतजाम करा दिये हैं। दमहापुल के आस-पास कटान होने पर पुल से आवागमन बंद करा दिया गया है। गांव के लोगों के आने-जाने के लिए नांव की व्यवस्था भी की गयी है। बाढ़ से निपटने के लिए जल पुलिस भी तैनात की गयी है। विद्युत व्यवस्था को भी प्रशासन से बेहतर बताते हुए कहा कि ग्राम वासियों के मध्य मिट्टी के तेल का वितरण कराया जा रहा है। सभी बाढ़ चैकियों पर कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा मेडिकल टीम को भी मुस्तैद किया गया है। ताकि बाढ़ से उत्पन्न होने वाली बीमारियों पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके। जिलाधिकारी ने बताया कि उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, थाना प्रभारी तथा विद्युत विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए हैं। तैनात अधिकारियों से जिलाधिकारी पल-पल की खबर ले रहे हैं। डीएम व एसपी के साथ क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान भी रहीं।


No comments:
Post a Comment