फतेहपुर, शमशाद खान । देवमई विकास खण्ड के राशन दुकानदार द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं के विरोध में गांव के बाशिन्दों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और पूरे प्रकरण की जांच कराये जाने की मांग करते हुए कोटा निरस्त करने की गुहार लगायी है।
| कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण। |
सोमवार को गांव के राम विशाल, राम सिंह, राम सागर पटेल, शिवनारायण, गंगा विशुन, दिनेश सिंह, रमेश, जितेश, बनवारी आदि ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव का राशन दुकानदार कार्ड धारकों को राशन नहीं देता। कार्ड धारकों से महिला कोटेदार कहती है कि जब उसके देवर व ससुर आयेंगे तब वितरण किया जायेगा क्योंकि वह मशीन चलाना नहीं जानती है। बचे हुए राशन को ब्लैक में बेंच लिया जाता है। यह भी आरोप लगाया कि पधारा गांव में चार प्राथमिक व एक जूनियर विद्यालय है। 24 अगस्त को कोटदार संध्या देवी द्वारा इन स्कूलों का गेहूं, चावल उठान करने के बाद जहानाबाद में बेंच दिया गया है। क्योंकि स्कूलों में अभी तक गेहूं व चावल का वितरण नहीं किया गया है। यह भी बताया कि पधारा, रसूलपुर व रतनपुर में 45 अन्त्योदय राशन कार्ड धारक हैं। जिसमें पांच कार्ड धारकों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद रजिस्टर में मृतकों के नाम से राशन का वितरण दिखाकर गबन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से कोटेदार की जांच कराकर उचित कार्रवाई करते हुए कोटा निरस्त करने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment