घर में घुसकर चोरों ने पार किये लाखों के जेवरात - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 16, 2019

घर में घुसकर चोरों ने पार किये लाखों के जेवरात

फतेहपुर, शमशाद खान । पिछले दिनों कोतवाली पुलिस द्वारा एक साथ आठ चोरियों का खुलासा करके तीन शातिरों की गिरफ्तारी के बाद भी शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। लगातार चोरी की घटनाएं जहां आम नागरिकों में भय पैदा कर रही हैं वही पुलिस द्वारा किये गये खुलासे पर भी अब उंगलियां उठना स्वाभाविक है। शातिरों ने जयरामनगर मुहल्ले में एक रिटायर्ड विद्युत कर्मी के घर में घुसकर लगभग पन्द्रह लाख रूपये कीमत के जेवरात पार कर दिये। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश में जुट गयी है। 
छत पर बिखरे पड़े कपड़े व बक्से।  
जानकारी के अनुसार शहर के जयरामनगर मुहल्ला निवासी प्रेम मोहन श्रीवास्तव विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। रविवार की रात गृहस्वामी प्रेम मोहन अपनी पत्नी निर्मला श्रीवास्तव के साथ एक कमरे में तथा दूसरे कमरे में उनका पुत्र प्रदीप श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ गहरी नींद में सोया हुआ था। तभी गृहस्वामी के मकान के सामने लगे विद्युत पोल के सहारे चोर मकान की छत पर चढ़ गये। छत से जीने का दरवाजा तोड़कर आंगन में प्रवेश कर गये। चोरों ने एक खाली कमरे में रखी आलमारी को तोड़ डाला। आलमारी में रखे कपड़े व अन्य सामान को फेंक दिया। दूसरा कमरा स्टोर रूम है। यहां पर छोटे-बड़े दो बक्से रखे हुए थे। जिनमें ताला बंद था। इन्हीं बक्सों में जेवरात व नकदी भी थी। चोर दोनों बक्सों को छत पर ले गये और ताला तोड़कर लगभग पन्द्रह लाख रूपये कीमत के सोने चांदी के जेवरात व बारह हजार रूपये नकद निकाल लिये और बक्सों तथा कपडों को छत पर ही फेंक कर रफूचक्कर हो गये। चोरी की वारदात की भनक गृहस्वामी को साढ़े तीन बजे सुबह हुयी। इस पर उसने खंभापुर में रहने वाले पत्रकार एवं दामाद नरेन्द्र श्रीवास्तव को मोबाइल पर चोरी की जानकारी दी। दामाद ने आनन-फानन में राधानगर पुलिस चैकी को घटना से अवगत कराया। राधानगर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहंुची और वारदात का जायजा लिया। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages