भाग रहे संचालक को परिजनों ने दबोचा, पुलिस ने पिटने से बचाया
फतेहपुर, शमशाद खान । स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से जिले में अपंजीकृत निजी नर्सिंग होमों की बाढ़ सी आ गयी है। गली-कूचों में संचालित ऐसे अस्पताल आये दिन जिन्दगियों को निगलने का काम कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को शहर के आबूनगर स्थित एक नर्सिंग होम का सामने आया है। जहां पर 16 वर्षीय एक किशोर की लापरवाही के चलते मौत हो गयी। परिजनों ने नर्सिंग होम के बाहर जमकर हंगामा काटा। आक्रोश
बढ़ते देख संचालक भाग निकलने का प्रयास करने लगा। लेकिन भीड़ की गिद्ध निगाहों ने उसे दबोच लिया। इसी बीच पुलिस ने आकर संचालक को हिरासत में लेकर सरकारी वाहन में डाल लिया। इस प्रकार डाक्टर भीड़ के गुस्से का शिकार होने से फिलहाल बच गया।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के वीसापुर मजरे तारापुर भिटौरा गांव निवासी सारजन यादव के 16 वर्षीय पुत्र लवकुश को पेट के इलाज के लिए आबूनगर स्थित अर्चना हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां पर हास्पिटल के लेटर पैड पर सुविधाएं दर्शायी गयी हैं। इस अस्पताल का संचालन डा0 आरएन सिंह करते हैं। इलाज के दौरान किशोर की मौत की खबर लगते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल के बाहर हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामा देख संचालक नौ-दो ग्यारह होने के इरादे से भाग रहा था। तभी भीड़ ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच पुलिस ने पहुंचकर डाक्टर को जहां पिटने से बचा लिया वहीं उसे अपनी गाड़ी में डाल लिया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों और डाक्टर के मध्य समझौते की बातचीत चल रही है।


No comments:
Post a Comment