आम रास्ते को कब्जाने पर आमादा दबंग - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, October 13, 2019

आम रास्ते को कब्जाने पर आमादा दबंग

दो दिन बाद दीवार बनवाकर आवागमन बंद करने की दी धमकी 
स्वराज कालोनी मुहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी से की शिकायत 

बांदा, कृपाशंकर दुबे । शहर के स्वराज कालोनी गली नंबर दो में एक दबंग प्लाट बनवाने के नाम पर रास्ते का आवागमन बंद करने की फिराक में है। गुरुवार को मजदूर बुलवाए और सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा करने की फिराक से दो दर्जन गुंडों और असलहों के साथ सड़क पर दीवार बनाए जाने का प्रयास करने लगा। इस पर मुहल्ले के लोगों ने विरोध किया तो फिलहाल काम बंद कर दिया गया है, लेकिन दो दिन बाद सड़क पर दीवार बनाने और जो भी इसमें अड़ंगा लगाएगा, उसे जान से मारने की धमकी दी है। मुहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी को मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। 


स्वराज कालोनी गली नंबर दो में रहने वाले एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बताया है कि जिला अस्पताल, बाजार, कचहरी, रोडवेज, रेलवे स्टेशन और विद्यालय जाने के लिए सिर्फ एक ही रास्ता है। हाल ही में गली नंबर दो में एक दबंग ने प्लाट बनवाया है। पहले उसने 13 फुट का रास्ता छोड़कर पिलर के खुदाई व भराई करवाई और निर्माण शुरू कराया। लेकिन बाद में उसे लालच जाग गया और सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा करने की नीयत से उसने गुरुवार को मय असलहे के दो दर्जन गुंडे बुलवाए और इस रास्ते को पूरी तरीके से बंद करने की नीयत से मजदूर बुलवाए और दीवार खड़ी करने के लिए खुदाई का कार्य शुरू करवा रहा है। इस पूरे मुहल्ले के मय बच्चों व महिलाओं सहित विरोध करते हुए धरने पर बैठ गए। फिलहाल तो दबंग काम बंद करवाकर वापस लौट गया है, लेकिन दो दिन बाद फिर दीवार खड़ी रखने की धमकी दे गए हैं। यह भी धमकी दी है कि दो दिन बाद निर्माण के समय जो भी बीच में आएगा, उसे जान से मार दिया जाएगा। इस रास्ते पर दूसरी साइड पर मोहल्ले के लोगों के निकास के लिए खिड़कियां, दरवाजे और नालिया हैं। यदि रास्ता बंद हो जाएगा तो आवागमन की बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। इस रास्ते पर कोचिंग भी खुली है, वहां स्कूली बच्चे पढ़ने आते हैं। उनके कोचिंग पहुंचने का भी यही एक मात्र रास्ता है। यदि रोड पर कब्जा हो जाएगा तो दर्जनों बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। मुहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी से इस मामले पर तत्काल हस्तक्षेप कर कानूनी कार्रवाई करते हुए कब्जा करने से भूमाफियाओं को रोका जाए। अन्यथा की स्थिति में मुहल्ले के लोगों ने धरना और जरूरत पड़ने पर अनशन किए जाने की बात कही है। इस मौके पर मुहल्ले के जगदंबा प्रसाद दीक्षित, जयकरण सिंह एडवोकेट, ऊषा दुबे, मंजू, विमला, रवींद्र सिंह, देवीदीन सिंह और विद्या देवी आदि मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages