सिंहपुर चौकी पुलिस कर रही थी चेकिंग, नाराज लोगों ने घेरी चौकी
सीओ ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया
बांदा, कृपाशंकर दुबे । संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के नाम पर एक बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोक दिया। युवक ने आरजू-मिन्नत की, अपनी बीमार भाभी के अस्पताल में भर्ती होने की बात कहते हुए उसे जाने देने की बात कही, लेकिन पुलिस नहीं मानी और दवा मिलने के अभाव में महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस
![]() |
| प्रतीकात्मक फोटो |
की इस संवेदनहीनता की भनक लगते ही ग्रामीणों ने सिंहपुर चैकी का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
कमासिन थानाक्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी शिवप्यारी पत्नी शिवप्रसाद को शनिवार की शाम जहरीले कीडे़ ने काट लिया था। हालत बिगडने पर उसके देवर ने उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। वह दवा लेकर बाइक से जा रहा था। तभी सिंहपुर चैकी के समीप पुलिसकर्मी संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, चेकिंग के दौरान उसे रोक लिया। इसी बीच महिला ने दम तोड़ दिया। मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने चैकी का घेराव कर दिया। सूचना पाकर बबेरू सीओ कुलदीप सिंह मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस हेलमेट के नाम पर एक हजार रूपए की मांग कर रही थी। जबकि थानाध्यक्ष बिसंडा का कहना है कि हेलमेट और वसूली जैसी कोई बात नही है। बताया कि प्रदर्शनकारियों में एक प्रधान के ऊपर अन्ना जानवरों को छोड़ने के खिलाफ चालान किया गया था। उसी के चलते प्रधान के द्वारा षडयंत्र रचकर चैकी का घेराव कराया गया है।


No comments:
Post a Comment