कई सालों से उठती रही थी सफाई की मांग , स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी भेजे थे पत्र
विधायक असीजा का प्रयास लाया रंग, नदी में जम चुका था सिल्ट आदि
फिरोजाबाद, विकास पालीवाल । पानी के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। लाखो की आबादी वाले फिरोजाबाद में गर्मी के समय में पानी के लिए बड़ी किल्लत होती है। फिरोजाबाद सदर विधायक मनीष असीजा ने सिरसा नदी को अस्तित्व में लाने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि सिरसा नदी पश्चिम के कई जिलों से होती हुई फिरोजाबाद में प्रवेश करती है । जिले के कई ब्लाकों से होती हुई मैनपुरी की तरफ जाती है। जिले के नारखी, टूंडला, हाथवंत, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, मदनपुर ब्लाक से होकर गुजरती है। इसलिए यह नदी अपने अस्तित्व में आ गई तो क्षेत्र में चल रही पानी की समस्या का भी समाधान होगा तथा किसानों को काफी लाभ होगा । लोगों को हर समय पानी मिलेगा और वाटर लेवल भी तेजी से ऊपर आएगा । इस सिरसा नदी के सूखने के बाद लोगों ने उस पर अतिक्रमण कर लिया था । जगह-जगह सिल्ट और कूड़ा करकट एकत्रित हो जाने के कारण नदी में पानी नहीं पहुंच पा रहा था। विधायक की इस मांग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा करने के निर्देश दिए और उसके बाद ही फिरोजाबाद में सिरसा नदी को साफ करने का काम भी शुरू करा दिया गया। यदि सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही जिले में पानी की समस्या का समाधान होगा और पर्यावरणीय इतिहास में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी।
इधर शिकोहाबाद में रेलवे स्टेशन रोड से गुजरने वाली सिरसा नदी की हालत एक गंदे नाले की तरह हो चुकी है जिसमें सिल्ट, खरपतवार व जलमंजनी ही दिखाई देता है। नदी का अस्तित्व खत्म होता जा रहा था। नदी किनारे बने पार्क में दुर्गंध के कारण कोई बैठना पसंद नहीं करता । नदी किनारे बने शमशान घाट तक दाह संस्कार के लिए जाने वाली सड़क भी समाप्त हो गई है । शिवा पर्यावरण एवं महिला उत्थान सेवा समिति के सचिव रामप्रकाश गुप्ता, कल्पतरु जीवन फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी राजेश गुप्ता ने भी इस नदी के लिए लंबे समय तक आंदोलन किया। रामप्रकाश गुप्ता ने कई बार अधिकारियों इसी शासन तक इसकी सफाई की मांग के लिए पत्र तक लिखे थे ।


No comments:
Post a Comment