पीपल वृक्ष के सुहागिनोें ने लगाए 108 फेरे
सज-संवरकर पूजा-अर्चना करने पहुंची सुहागिनें
बांदा, के एस दुबे । अपने सुहाग की सलामती के लिए सुहागिनों ने पीपल के वृक्ष के 108 फेरे लगाकर पति की लंबी उम्र की कामना की। सुबह से ही महिलाओं की भीड़ पीपल के वृक्ष के नीचे एकत्र हो गई। विधिवत पूजा अर्चना के बाद महिलाओं ने पीपल के वृक्ष के 108 फेरे लगाए।
सोमवार की सुबह से महिलाएं सोलह श्रंगार करके पूजा की थाली हाथों में लिए अपने घरों से निकल पड़ी। मौका था सोमवती अमावस्या का। इस अवसर पर महिलाओं ने पीपल के पेड़ की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की और इसके बाद अपने पति परमेश्वर की लंबी आयु की कामना करते हुए पीपल के वृक्ष के इर्द गिर्द 108 फेरे लगाए। इस दिन महिलाएं कड़ी साधना करतीं हैं। फेरे लगाने वाली महिलाएं आज के दिन तेल, हल्दी आदि से बने भोजन का सेवन नहीं करतीं। फेरे लगाने के लिए महिलाएं खाने-पीने की सामग्री, सुहाग से संबंधित सामान आदि के 108 पीस लेकर आती हैं और प्रत्येक फेरे के बाद एक आइटम को याददाश्त के लिए रखती हैं। बाद में फेरे लगाने की सामग्री को कन्याओं में वितरित करतीं हैं। पीपल के फेरे लगाने के बाद महिलाओं ने परंपरागत कहानी सुनी और सुनाई। महिलाओं ने अपने सुहाग की सलामती के लिए सोमवती अमावस्या का व्रत रखा और कड़ी साधना की।
![]() |
| पीपल वृक्ष के फेरे लगातीं सुहागिनें |
मास्क की मैचिंग भी रही आकर्षण का केंद्र
बांदा। महिलाओं ने कोरोना संकट से बचने के लिए लगाए जाने वाले मास्क को भी फैशन से जोड़ दिया है। महिलाएं घर से बाहर निकलने पर मास्क भी चुन कर लगाती हैं और साड़ी के रंग से मैच करता हुआ मास्क महिलाओं की पहली पसंद बना हुआ है। हालांकि मास्क को फैशन आईकान की तरह पहनने वाली महिलाएं जहां कोरोना से सुरक्षित तो हैं ही, वहीं उनके फैशन में एक और आइटम भी जुड़ गया है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वंदना गुप्ता तो अपने घर में ही कोरोनाकाल की शुरूआत से मास्क बनवा रही हैं और जरूरतमंदों तक निशुल्क पहुंचा रही हैं। उन्होंने महिलाओं की मंशा को भांपते हुए मैचिंग कलर के मास्क भी बनाने शुरू कर दिए हैं और अपने करीबी लोगों तक मैचिंग मास्क पहुंचाकर उन्हें फैशन से जोड़ रही हैं।
108 फेरों में गुम हो गई सोशल डिस्टेंसिंग
बांदा। पति की लंबी आयु के लिए रखे जाने वाले सोमवती अमावस्या के व्रत और पूजन के दौरान महिलाओं ने सोशल डिस्टेंसिंग का जमकर माखौल उड़ाया। शहर के संकटमोचन मंदिर, कालूकुआं, इंदिरानगर, स्वराज कालोनी, आवास विकास समेत ज्यादातर मोहल्लों में स्थित पीपल के पेड़ों के नीचे महिलाओं की खासी भीड़ उमड़ी रही। पूजा अर्चना करने वाली तमाम महिलाओं ने तो मास्क लगाना भी जरूरी नहीं समझा और परिक्रमा लगाने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी जमकर मजाक उड़ाया। ऐसे में पति की लंबी आयु मांगने को जुटी महिलाएं कोरोना को खुलेआम चुनौती देती नजर आईं।



No comments:
Post a Comment