कांग्रेसियों संग पीड़ित ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
फतेहपुर, शमशाद खान । जिले में अब एक नया खेल शुरू हो गया है। फर्जी पट्टे के आधार पर दबंग भूमाफिया गरीबों को बेघर करने के प्रयासों में जुट गये हैं। इस कार्य में इलाका पुलिस भी माफियाओं का साथ दे रही है। ऐसा ही एक मामला गाजीपुर थाना क्षेत्र के मखदमपुर गांव में सामने आया। जिसमें फर्जी पट्टे के आधार पर दबंग भूमाफिया ने पुलिस को साथ लेकर गरीबों के छप्पर व दीवार गिराई। मारपीट कर झूठे मुकदमें में फंसाये जाने की धमकी दी। पीड़ितों ने कांग्रेसियों को मामले से अवगत कराया। जिस पर कांग्रेसी पीड़ितों को लेकर तहसील पहुंचे और एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपकर उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई किये जाने की गुहार लगायी।
![]() |
| एसडीएम को शिकायती पत्र देने जाते कांग्रेसी। |
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पदाधिकारी व गाजीपुर थाना क्षेत्र के मखदमपुर गांव के पीड़ित तहसील पहुंचे। जहां उप जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि वह अनुसूचित जाति के गरीब व्यक्ति हैं। परिवार की आवासीय समस्या को देखते हुए सन 1992 में भूमि प्रबन्धक समिति द्वारा गाटा संख्या 418 के रकबे में डेढ़-डेढ़ बिस्वा का आवासीय पट्टा प्लाट सं0 19 शिव बालक पुत्र लोचन व प्लाट सं0 20 अम्बर पुत्र शिव बालक के नाम हुए थे। जिनमें उसी दौरान से ही मकान बनाकर निवास किया जा रहा है। बताया कि 4 अक्टूबर को सुबह सात बजे गांव के ही दबंग किस्म के दुर्गा पुत्र शिव मंगल क्षेत्रीय थाना गाजीपुर के थानाध्यक्ष कमलेश पाल व करीब आधा दर्जन अन्य पुलिस जनों को साथ लेकर आये और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए दबंगई के बल पर छप्पर व दीवार गिरा दी। विरोध करने पर मारपीट की और झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकियां दी। मुहल्ले के लोगों एवं महिलाओं के साथ भी अभद्रता व मारपीट की। जो कि अत्यंत ही गम्भीर व संज्ञेय अपराध है। मांग की गयी कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर सभी दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाये। इस मौके पर राजीव लोचन निषाद, उदित अवस्थी, रज्जू अवस्थी आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment