दोस्तों संग नहाने गया था, पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा
कमासिन, के एस दुबे । दोस्तों संग तालाब नहाने गए एक बालक का पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। साथ में नहाने गए दूसरे बालक ने चिल्लाते हुए भागकर परिजनों को सूचना दी। खबर पाकर मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने तालाब में छलांग लगा दी। बमुश्किल बालक को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बालक की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
![]() |
| बेटे की मौत पर रोते बिलखते परिवारीजन |
थाना क्षेत्र के गांव कोर्रा बुजुर्ग निवासी चंद्रशेखर के तीन संतानों में सबसे छोटा समीर (9) अपने पड़ोसी बच्चों के साथ शनिवार सुबह गांव के पास देवी तालाब में नहाने गया था। सभी साथी आपस में पानी के साथ अठखेलियां कर रहे थे। इसी बीच समीर का अचानक पैर फिसल गया और गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबते हुए देख सभी साथी घबरा गए और जोर-जोर से समीर के डूबने की आवाजें लगाते रहे। इसी बीच समीर का दोस्त अनूप समीर के डूबने की आवाजें लगाते हुए घर की ओर भागा। परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर सभी लोग तालाब की ओर दौड़ पड़े। गांव वालों के सहयोग से समीर को काफी देर बाद ढूंढ निकाला गया। जब तक समीर को लोग ढूंढ पाते तब तक काफी देर हो गई थी। समीर को आनन-फानन अस्पताल ले गए जहां पर डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। समीर की मौत से पूरे घर में कोहराम मचा हुआ है। समीर की मां पिंकी देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं समीर का बड़ा भाई शिवा तथा बड़ी बहन शीतल छोटे भाई के गम में डूबे हैं। मृतक के पिता चंद्रशेखर ने बताया कि समीर कक्षा 4 का विद्यार्थी था, जो गांव के ही प्राइमरी स्कूल में पढ़ता था। वह सुबह अपने साथियों के साथ बिना बताए तालाब नहाने चला गया था।


No comments:
Post a Comment