खाद्य उद्योग मेले में दी गई जानकारियां - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, December 22, 2022

खाद्य उद्योग मेले में दी गई जानकारियां

उद्यमियों ने उद्योग लगाने की जानकारी हासिल की

बांदा, के एस दुबे । उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को खाद्य प्रसंस्करण के फल संरक्षण केंद्र सभागार में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) की अध्यक्षता में एक दिवसीय खाद्य उद्योग मेला का आयोजन संपन्न हुआ। खाद्य उद्योग मेला में आधा सैकड़ा से अधिक उद्यमियों ने प्रतिभाग करते हुए उद्योग लगाने की जानकारी हासिल की। उद्योग मेला में बताया गया कि सूक्ष्म खाद्य उद्योग लगाने पर अधिकतम 10 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। मिलावट से दूर शुद्धता के साथ तैयार किए गए मसाला उद्योग के मनोज शर्मा ने बाजार पर बिक रहे मसालो पर मेले में मौजूद किसानों सहित उद्यमियों को जागरूक करते हुए सेहत के साथ खिलवाड़ न करने की अपील करते हुए शुद्ध मसालों का सेवन करने की बात कही।

मेले में प्रमाण पत्रों के साथ उद्यमी

कार्यक्रम की शुरुआत जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विनय पांडेय ने दीप प्रज्वलित करते हुए किया। एलडीएम विनय पांडेय ने अपने संबोधन पर योजना में उद्यमियों को बैंक क्षेत्र से मिलने वाले लोन के बारे में जानकारी दी। आर्यावर्त बैंक क्षेत्रीय कार्यालय के मार्केटिंग हेड अनिमेष जैन ने आर्यर्वत बैंक के द्वारा कृषि क्षेत्र पर योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा उद्यमियों को लाभ दिलवाने की बात बताई। इंडियन बैंक शाखा तिंदवारा मैनेजर पूजा साहू ने भी संबोधित करते हुए योजना के तहत उद्यमियों को लाभ लेने की बात कही। आर्यावर्त बैंक क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक मैनेजर अंकुर शर्मा ने भी केंद्र सरकार के द्वारा लघु उद्यमियों के लिए चलाई गई योजना को उनके हित मे बताया। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मंडलीय खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी अवध नारायण त्रिपाठी ने भी पीएमएफएमई योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को जुड़ने के लिए प्रेरित किया। जिला उद्यान अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित उद्योग लगाने पर 35 फीसदी से लेकर अधिकतम 10 लाख रुपए तक अनुदान मिलता है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए डीआरपी शिवम द्विवेदी की सहायता से आनलाइन आवेदन किया जा सकता है। जिन उद्यमियों ने इसका फायदा उठाया है, उनसे योजना का लिया गया लाभ की जानकारी भी की गई। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि शासन एवं निदेशालय के निर्देश पर अब हर गुरुवार खाद्य उद्योग मेला का आयोजन संपन्न किया जाएगा। जिला रिसोर्स पर्सन शिवम द्विवेदी ने लघु उद्यमियों के लिए संचालित योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया योजना में शामिल उद्योग तेल स्पेलर, आटा चक्की, मसाला चक्की, दूध डेयरी प्लांट, नमकीन उद्योग, मिठाई उद्योग, जूस सेक उद्योग, चिप्स, पापड़, नमकीन, बिस्किट, दाल मिल, राइस मिल, पशु व मुर्गी चारा उद्योग, आचार, मुरब्बा, सहित अन्य उद्योग को स्थापित कर योजना का लाभ ले सकते हैं। अतर्रा नगर में मसाला उद्योग स्थापित कर चुके राइस इंडिया प्रीमियम प्रोडक्ट के प्रोपराइटर मनोज शर्मा ने भी बाजार पर तेजी से फैल चुके विभिन्न प्रकार के मसालों से लोगों की सेहत पर हो रहे बुरे असर से लोगों को जागरूक करते हुए उनके उद्योग में बन रहे मसाले की गुणवत्ता साझा करते हुए लोगों को शुद्ध मसाले का सेवन करने की अपील की। राइस इंडिया प्रीमियम प्रोडक्ट मसाला के स्टाल पर अग्रणी जिला प्रबंधक एलडीएम विनय पांडेय, मैनेजर पूजा साहू सहित अन्य उच्चाधिकारियों ने भी विभिन्न प्रकार के मसालों की जांच परख करते हुए उसे बेहतर बताया। इस अवसर पर खाद्य उद्योग मेला में करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा उद्यमियों ने प्रतिभाग करके खाद्य उद्योगों को स्थापित करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन जिला रेसोर्स पर्सन शिवम द्विवेदी ने किया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages