डीएम के छापे के बाद एआरटीओ कार्यालय में पसरा सन्नाटा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, July 26, 2024

डीएम के छापे के बाद एआरटीओ कार्यालय में पसरा सन्नाटा

दुकानें बंद कर भागे दलाल

फतेहपुर, मो. शमशाद । सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार और दलालों के हावी रहने की लगातार शिकायतें मिलने के बाद जिलाधिकारी सी. इंदुमती के औचक निरीक्षण के दूसरे दिन कार्यालय में दहशत हावी रही। कार्य कराने आने वाले तमाम लोगों को कार्यालय के बाबू जहां निर्धारित काउंटर के बाहर रहकर कार्य कराने के लिए निर्देशित करते रहे। वहीं रोजाना की तरह फाइल लेकर लिपिकों की टेबल पहुंचने वाले दलाल नदारत दिखाई दिए। कार्यालय का माहौल बिल्कुल बदला हुआ दिखाई दे रहा था। ज्ञात रहे कि एआरटीओ कार्यलय में व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायत शासन तक जाने के बाद जिलाधिकारी सी. इंदुमती द्वारा गुरुवार को औचक निरीक्षण किया गया था। डीएम के निरीक्षण के दौरान बाहरी लोगों को पिछले दरवाजे से बाहर भागना पड़ा था। दलालों की इस तरह सरकारी कार्यालयों में घुसपैठ और भागने का नज़ारा देखकर डीएम का पारा हाई हो गया। डीएम सी. इंदुमती ने एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा गौतम से भी जमकर नाराज़गी जाहिर करते हुए पूरे घटना क्रम की वीडियो ग्राफी करवाए जाने के साथ ही खड़े हुए वाहनों एवं दलालों की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। डीएम की इस कार्रवाई से दलालों के साथ ही एआरटीओ कार्यालय के बाबुओं में भी हड़कम्प मच गया। कार्रवाई के अगले दिन भी सभी मे दहशत देखने को मिली।

एआरटीओ कार्यालय में पसरे सन्नाटे का दृश्य एवं बंद दुकानें।

बंद रही मार्केट, पसरा रहा सन्नाटा

डीएम की घुड़की का असर रहा कि निरीक्षण के अगले दिन कार्यालय से तमाम दलाल नदारत रहे। बल्कि एआरटीओ कार्यालय के बगल में बनी मार्केट में संचालित फोटोकॉपी व लोकवाणी समेत स्टेशरी की दुकानें बंद रही। जानकारों की माने तो इन्ही दुकानों की आड़ लेकर दलालों द्वारा रैकेट संचालित किया जाता है। डीएम की सख्ती के चलते अधिकांश दुकानें बंद रही।

एक्शन में दिखी एआरटीओ

डीएम की नाराजगी को देखते हुए एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा गौतम भी एक्शन में नज़र आयीं। अपने चैंबर से दिन में कई बार बाहर निकल कर बाबुओं के पटल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें किसी पटल के अंदर अनावश्यक भीड़ दिखाई दी तो संबंधित बाबुओं को भी जमकर फटकार लगाई और निर्धारित खिड़की के बाहर से ही फाइलों को लेकर कार्य करने का निर्देश दिया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages