कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई बकरीद की नमाज, प्रशासन रहा अलर्ट - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, May 28, 2026

कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई बकरीद की नमाज, प्रशासन रहा अलर्ट

डीएम-एसपी ने संभाली कमान, किया निरीक्षण

फतेहपुर, मो शमशाद । बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर शहर की मुख्य ईदगाह सहित जनपद की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा कर मुल्क में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देशन में पूरे जनपद में सुरक्षा, साफ-सफाई एवं कानून व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के नेतृत्व में संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात रहा तथा अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाता रहा। मुख्य ईदगाह में

ईदगाह में सुरक्षा का जायजा लेते डीएम व एसपी।

नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इसके साथ ही जनपद के अन्य स्थानों पर जहां नमाज अदा की जानी थी, वहां भी सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए। प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी गई, जबकि सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर बनाए रखी गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि त्योहार को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कुर्बानी के दौरान भी लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि फतेहपुर की गंगा-जमुनी तहजीब हमेशा भाईचारे और सौहार्द की मिसाल रही है। डीएम एवं एसपी ने जनपदवासियों को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। पूरे दिन प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर हालात पर नजर बनाए रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages