गाय सुरक्षित होने के दावे कैमरों तक सीमित, जमीन पर हो रही गौहत्या
फतेहपुर, मो शमशाद । प्रदेश भर में निकाली जा रही गोविष्ट यात्रा के द्वितीय चरण के अंतिम दिन फतेहपुर पहुंचे ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने जनसंख्या, गौहत्या और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला। सदर विधानसभा क्षेत्र स्थित तांबेश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कई बड़े बयान दिए। सभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि जनसंख्या बढ़ना कोई समस्या नहीं है। जितनी भगवान बढ़ाएं उतना अच्छा है। असली समस्या सत्ता में बैठे नाकाबिल लोग हैं, जो जनता को रोजगार देने और व्यवस्था संभालने में असफल हैं। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और अव्यवस्था के लिए आम जनता नहीं, बल्कि गलत नीतियां जिम्मेदार हैं। जनसंख्या को मुद्दा बनाकर लोगों को भ्रमित किया जा
![]() |
| तांबेश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद। |
रहा है। गौहत्या के मुद्दे पर भी शंकराचार्य ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि गोरक्ष पीठ वाले महंत के शासनकाल में भी गौ हत्याएं हो रही हैं। गाय को न्याय नहीं मिल पा रहा है। मुख्यमंत्री कैमरों के सामने दावा करते हैं कि गाय सुरक्षित है, लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और ही बयां करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग गायों की वास्तविक स्थिति और गौहत्या की घटनाओं को उजागर करते हैं, उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। बीजेपी पर निशाना साधते हुए शंकराचार्य ने कहा कि बीजेपी अपने प्रचार के जरिए जनता को भ्रमित कर देती है। जनता सच्चाई समझ नहीं पाती और वास्तविक मुद्दे पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी विधानसभाओं में गोविष्ट यात्रा निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य गौ संरक्षण और जनजागरण है। इसी क्रम में सदर विधानसभा के तांबेश्वर मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment