ईदुल अजहा की नमाज में अमन-चैन के लिए उठे लाखों हाथ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, May 28, 2026

ईदुल अजहा की नमाज में अमन-चैन के लिए उठे लाखों हाथ

ईदगाह समेत अन्य मस्जिदों में हुई नमाज, बच्चों में दिखा उत्साह

सुरक्षा व्यवस्था के लिए चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पीएसी व पुलिस बल 

फतेहपुर, मो शमशाद । जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में ईदुल अजहा का त्योहार मनाते हुए दिन भर कुर्बानियों का दौर चला। ईदगाह के अलावा मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भारी संख्या में शिरकत कर नमाज अदा की। देश में शांति और सौहार्द के साथ भाईचारे के लिए दुआ की गई। बाद में एक-दूसरे के गले मिलकर मुबारकबाद दिए जाने का सिलसिला जारी रहा। बच्चों में खासा उत्साह रहा। बड़ों को पीछे करते हुए उन्होनें भी गले मिलकर एक दूसरे को बधाईयां दी। 

ईदगाह में नमाज अदा करते नमाजी एवं शहरकाजी को बुके भेंट करते सदर विधायक व चेयरमैन।

ईदुल अजहा के त्योहार के मौके पर सुबह ईदगाह में भारी संख्या में लोग पहुंचे। ईदुल अजहा नमाज की इमामत नायब शहरकाजी हबीबुल इस्लाम ने की। उन्होने मौजूद लोगों को ईद की नमाज पढ़ाई तत्पश्चात देश में अमन-चैन की दुआ की। उन्होनें कहा कि हर पर्व एकता और शांति का संदेश देते हैं इन्हें मिल-जुलकर मनाना चाहिए। मुस्लिम समाज के युवा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कौम की बदनामी हो। ईमानदारी के रास्ते पर चलें, दूसरों की खिदमत करें। जिससे दूसरे समाज के लोगों के बीच इस्लाम की अच्छी छवि सामने आये। इसी तरह पनी मोहल्ले स्थित बंदगी मियां की मस्जिद में काजी-ए-शहर मुफ्ती शहाबुद्दीन ने मौजूद मुस्लिम समुदाय को ईदुल अजहा की नमाज पढ़ाई। नमाज अदा करने के बाद अभिभावकों संग बच्चों ने ईदगाह में लगे मेले में अपनी मन पसंद चीजों की जमकर खरीददारी की। तत्पश्चात घरों में कुर्बानियों का दौर चला जो देर शाम तक जारी रहा। घरों में पहले सेवइयों का दौर चला और बाद में देर शाम कुर्बानियों के बाद लोगों के घर-घर मिलने का सिलसिला शुरू हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से ईदगाह समेत शहर के प्रमुख चैराहों पर पीएसी बल की तैनाती रही। उधर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत अन्य अधीनस्थ अधिकारियों ने नमाज के दौरान ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नगर पालिका परिषद की ओर से लगाये गये कैंप में सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी, चेयरमैन राजकुमार मौर्य एडवोकेट के अलावा सपा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव के अलावा कई सभासदों ने शहरकाजी शहीदुल इस्लाम अब्दुल्ला व नायब शहरकाजी हबीबुल इस्लाम समेत अन्य लोगों को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद पेश की। कुल मिलाकर जिले में शांतिपूर्वक माहौल के बीच ईदुल अजहा का पर्व सम्पन्न हो जाने पर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। 

आज भी चलेगा कुर्बानी का दौर

फतेहपुर। इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत इब्राहीम अलै. व हजरत इस्माइल अलै. की सुन्नत के रूप में ईदुल अजहा का त्योहार मनाया जाता है। जिसमें पहले दिन के अलावा अन्य दो दिनों तक जानवरों की कुर्बानियों का दौर चलता है। गुरूवार को जहां पूरा दिन विभिन्न जानवरों की कुर्बानियों का दौर चला वहीं कल (आज) भी मुस्लिम समुदाय की ओर से अल्लाह की राह में जानवरों की कुर्बानी दी जाएगी, क्योंकि मुस्लिम समुदाय के लोगों का मानना है कि इस दिन अल्लाह को सबसे अधिक कुर्बानी प्यारी है। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages