बांदा, के एस दुबे । जनपद में 29 मई की रात को आए प्रलयकारी आंधी-तूफान और भारी बारिश ने पूरे जिले में जबरदस्त तबाही मचाई है। तूफान के कारण सैकड़ों गांवों और कस्बों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इस आपदा को देखते हुए बुंदेलखंड इंसाफ सेना के प्रमुख ए. एस. नोमानी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रभावित लोगों को तुरंत आर्थिक सहायता देने और युद्ध स्तर पर राहत कार्य चलाने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में ए. एस. नोमानी ने कहा कि जिले के ग्रामीण और कस्बाती इलाकों में आए इस भीषण तूफान से गरीब परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सैकड़ों गांवों में लोगों के कच्चे घर ढह गए हैं, जबकि कई घरों के छप्पर और टिन शेड उड़ गए हैं। इस प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित परिवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।तूफान का सबसे ज्यादा असर जिले की विद्युत व्यवस्था और यातायात पर पड़ा है।
सभी तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों की संख्या में बिजली के पोल और तार टूट कर गिर गए हैं, जिससे पूरे जिले की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। सड़कों पर भारी तादाद में पेड़ उखड़कर गिर जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और कई प्रमुख मार्ग बंद हैं। बुंदेलखंड इंसाफ सेना ने मुख्यमंत्री से जनहित में निम्नलिखित कदम उठाने की पुरजोर वकालत की है।सभी प्रभावित तहसीलों के अधिकारियों को निर्देशित कर तत्काल नुकसान का सर्वे कराया जाए और पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता दिलाई जाए। टूटे हुए पोल और तारों की जगह नए पोल लगाकर युद्ध स्तर पर काम शुरू किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द बिजली मिल सके। सड़कों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाकर बंद पड़े रास्तों को चालू कराया जाए ताकि राहत सामग्री और लोगों का आना-जाना सुगम हो सके। ए. एस. नोमानी ने जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री से अपील की है कि आपदा की इस घड़ी में संबंधित तहसीलों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देकर जनता को इस संकट से तुरंत राहत दिलाई जाये।


No comments:
Post a Comment