पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
बांदा, के एस दुबे । महुआ क्षेत्र के ग्राम दुबैनपुरवा निवासी एक महिला ने अपने पति पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता कंचन गुप्ता ने बताया कि वह एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि उसका पति नीलेश कुमार गुप्ता आए दिन उसके साथ अभद्र व्यवहार करता है। महिला का कहना है कि पति ने पूर्व में उसे मारने तथा जहर पिलाने का भी प्रयास किया था। इसके अलावा वह लगातार धमकी देता है और अपमानजनक टिप्पणियां कर मानसिक प्रताड़ना पहुंचा रहा है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, हाल ही में पति ने सार्वजनिक स्थान पर महिला के साथ अभद्रता की तथा गाली-गलौज करते हुए बदनाम करने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि उसके पति द्वारा लगातार की जा रही हरकतों से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंच रही है। महिला ने यह भी बताया कि उसने पहले भी संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद आरोपित के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया और वह लगातार उत्पीड़न कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। जब वही पूरे मामले की जानकारी कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक से की गई तो उनका कहना था संज्ञान में नहीं है तहरीर मिलते ही कार्यवाही की जायेगी।


No comments:
Post a Comment