मेडिकल कालेज में क्रिटिकल केयर यूनिट ब्लाक का हो रहा तेजी से निर्माण
गंभीर मरीजों को अब बांदा में ही मिलेगा बेहतर इलाज, बड़े शहरों की तरफ भागने की मजबूरी होगी खत्म
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बुंदेलखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर करने का कार्य कर रही है जिसके क्रम में बांदा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उन्नत बुंदेलखंड स्वस्थ बुंदेलखंड के विजन के तहत जिले में चिकित्सा बुनियादी ढांचे को पूरी तरह बदला जा रहा है। जिसके पूरा होने के बाद अब स्थानीय गंभीर मरीजों को इलाज के लिए कानपुर, लखनऊ या दिल्ली जैसे बड़े शहरों की तरफ भागने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा, बल्कि बांदा में ही अब बड़े महानगरों जैसी विश्वस्तरीय और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मेडिकल कालेज में क्रिटिकल ब्लाक का हो रहा निर्माण, 70 फीसदी निर्माण कार्य पूरा
बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के क्रम में 30.47 करोड़ रुपए की लागत से एक 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लाक का निर्माण कराया जा रहा है और इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का काम बेहद तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम की सीधी देखरेख में अब तक करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। गुणवत्ता और समयबद्धता को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थल पर दिन-रात युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। निर्माण निगम के अधिकारियों के अनुसार, बची हुई कसर को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि तय समय सीमा के भीतर इस बड़े प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दिया जा सके।
31 अक्टूबर 2026 तक जनता को समर्पित होगी यह बड़ी सौगात
बांदा और आसपास के जिलों के नागरिकों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि यह आधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट ब्लाक आगामी 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी तरह तैयार होकर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। योगी सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले त्योहारों के सीजन में बुंदेलखंड की जनता को स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह सबसे बड़ा उपहार मिल जाए। इस परियोजना के पूरा होते ही जिले में ही वेंटिलेटर, आधुनिक आईसीयू, और जटिल सर्जरी की सुविधाएं मिलने लगेंगी। जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का समय और पैसा दोनों बचेगा।कहा जाए तो क्षेत्र के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है। क्योंकि दशकों तक उपेक्षित रहे बुंदेलखंड को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। सड़कों और उद्योगों के साथ-साथ अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना योगी सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।


No comments:
Post a Comment