ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकार होते हैं सजगः मंत्री राकेश सचान
बांदा, के एस दुबे । हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक उपलक्ष्य में शनिवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन बांदा इकाई द्वारा शहर के एक मैरिज हॉल में भव्य पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बुंदेलखंड मंडल समेत आसपास के कई जनपदों और राज्यों से आए पत्रकारों का जमावड़ा रहा, जिन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने पत्रकारों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पत्रकार बेहद सजग भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। मैंने पत्रकारों के संघर्ष और चुनौतियों को बहुत करीब से देखा है। उनके हितों के लिए मेरे दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। लोकतंत्र को मजबूत और जीवंत बनाए रखने में पत्रकारिता की भूमिका अतुलनीय है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने देश के अधिकांश हिस्सों का भ्रमण किया है। उन्होंने घोषणा की कि वह पुनः पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय होकर पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की पीड़ा और दैनिक चुनौतियों को उन्होंने बेहद नजदीक से महसूस किया है।समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 1826 में प्रकाशित प्रथम हिंदी समाचार पत्र उदंत मार्तंड से हुई थी। दो शताब्दियों की इस विकास यात्रा में पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, कुरीतियों पर प्रहार करने और लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने में सबसे महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस भव्य समारोह में बांदा के अलावा हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, फतेहपुर और मध्य प्रदेश के छतरपुर सहित दो दर्जन से अधिक जिलों के लगभग 500 से अधिक पत्रकारों ने सहभागिता की। ग्रापए के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्त, मंडल अध्यक्ष युनुस खान, दिल्ली उपाध्यक्ष सुनील द्विवेदी, महोबा जिला अध्यक्ष देवेंद्र अरजरिया, फतेहपुर जिला अध्यक्ष कुमुद तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कछवाह, सचिन चतुर्वेदी, और सुनील सक्सेना सहित विभिन्न तहसीलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।सफल संचालन व आभाररू कार्यक्रम का कुशल संचालन संपादक बेअंत सिंह एवं अतर्रा तहसील अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने किया। अंत में जिला अध्यक्ष और जिला महामंत्री शिवम सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment