48 घंटे में कार्रवाई न होने पर चक्का जाम और उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
बांदा, के एस दुबे । केन नदी क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहे अवैध बालू खनन और शहर के भीतर ट्रैक्टरों द्वारा की जा रही अवैध बालू की निकासी के खिलाफ सोमवार को जनता दल यूनाइटेड ने मोर्चा खोल दिया। जदयू की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और नगर मजिस्ट्रेट बाँदा को मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले कई महीनों से केन नदी के विभिन्न घाटों से बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया जा रहा है। इसके बाद कर्बला रोड, खुटला, राजघाट, हटेटी पुरवा, काहला, मर्दननाका, गंछा तथा नवाब टैंक के सामने से खुलेआम ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध परिवहन हो रहा है। इससे शासन को करोड़ों रुपये के राजस्व की क्षति तो हो ही
रही है, साथ ही शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। जदयू नेताओं ने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए नदी किनारे बनाए गए बंधों एवं पिचिंग पर लगातार भारी ट्रैक्टरों के दौड़ने और अवैध रास्ते बनाए जाने से वे कमजोर हो रहे हैं। इससे आगामी समय में बाढ़ आने पर भारी जन-धन की हानि हो सकती है। इसके अलावा, रात के समय तेज रफ्तार से दौड़ने वाले ये अवैध ट्रैक्टर आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और राहगीरों के लिए काल बने हुए हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले 48 घंटे के भीतर अवैध खनन और शहर के भीतर अवैध ट्रैक्टरों की आवाजाही पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो जदयू जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से उग्र धरना-प्रदर्शन करेगी और बालू निकासी मार्गों पर चक्का जाम करने को बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जदयू के तमाम स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment