सृजन अभियान में पर्यवेक्षकों ने 12 ब्लाकों का किया दौरा
कार्यकर्ताओं से एकांत में संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति परखी
फतेहपुर, मो शमशाद । आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने जिले में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने अब तक जिले के 12 ब्लाकों का दौरा कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अलग-अलग संवाद किया। जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता परखने के बाद पर्यवेक्षक जिले में कांग्रेस की मजबूत पैठ को लेकर आश्वस्त नजर आए। अभियान के तहत राष्ट्रीय सचिव बीरेंद्र राठौर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कामकाज का बारीकी से आकलन कर रहे हैं। वहीं फ्रंटल संगठनों के निर्माण और मजबूती के लिए जिले में प्रवास कर रहे प्रभारी अवनीश सलूजा ने भी मौजूदा
![]() |
| संगठन सृजन अभियान की बैठक में भाग लेते पर्यवेक्षक। |
पदाधिकारियों से संवाद कर संगठनों की सक्रियता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो पदाधिकारी या संगठन निष्क्रिय पाए जा रहे हैं, उन्हें तत्काल हटाकर नए और सक्रिय चेहरों को जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अवनीश सलूजा ने कहा कि राहुल गांधी का स्पष्ट निर्देश है कि संगठन में दागी और आपराधिक छवि वाले लोगों को कोई स्थान नहीं दिया जाए। कांग्रेस सिद्धांतों और विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है, इसलिए संगठन में निष्ठावान और साफ छवि वाले कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ाया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी व शहर अध्यक्ष मो0 आरिफ गुड्डा ने संयुक्त रूप से कहा कि मौजूदा संगठन में जो पदाधिकारी लगातार निष्क्रिय हैं, उन्हें हटाकर मेहनती, निष्ठावान और सक्रिय युवाओं को अवसर दिया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ से लेकर ब्लाक और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति तैयार की जा रही है। सृजन अभियान को सफल बनाने में पार्टी उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी, अरुण जायसवाल, पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे भी पर्यवेक्षकों को लगातार सहयोग दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment