बबेरू /बाँदा, के एस दुबे । हमीरपुर जिले के राजकीय इंटर कॉलेज कुरारा के क्रीड़ा मैदान में आयोजित एक दिवसीय मंडलीय विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता में चित्रकूट धाम मंडल के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बांदा, चित्रकूट और हमीरपुर के सब जूनियर, जूनियर तथा सीनियर वर्ग के छात्र पहलवानों ने हिस्सा लिया। विभिन्न भार वर्गों में बांदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दबदबा बनाया। सीनियर 55 किलो वर्ग में
सूरज (बांदा), 60 किलो वर्ग में कृष्णा (बांदा), 80 किलो वर्ग में रंजीत (बिसंडा, बांदा), 92 किलो वर्ग में प्रवीण सिंह (बेर्राव, बांदा), और 51 किलो वर्ग में लल्लू (बबेरू, बांदा) ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा हमीरपुर से अर्पित यादव और चित्रकूट से हिमांशु ने भी अपने वर्गों में बाजी मारी। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य सुधाकर वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों व शिक्षकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया, तथा क्रीड़ा प्रभारी शमशेर बहादुर ने सभी का आभार व्यक्त किया।


No comments:
Post a Comment