जाम की समस्या से अधिवक्ताओं,
विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को हो रही परेशानी का उठाया मुद्दा
बांदा, के एस दुबे । शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए जिला अधिवक्ता संघ बांदा ने रोडवेज बस स्टैंड को शहर के बाहर स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बस स्टैंड को जल्द शहर के बाहर शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की। अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में बताया कि कचहरी और कलेक्ट्रेट के नजदीक स्थित रोडवेज बस स्टैंड शहर के प्रमुख मार्ग पर है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में रोडवेज बसों का आवागमन होता है, जिससे मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है और आए दिन जाम की स्थिति बनती है। विशेष रूप से सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की बात कही गई है।
कचहरी-कलेक्ट्रेट पहुंचने में हो रही परेशानी
अधिवक्ता संघ के अनुसार जाम के कारण अधिवक्ताओं के साथ-साथ शहरवासियों को न्यायालय और सरकारी कार्यालयों तक समय से पहुंचने में दिक्कत होती है। इससे लोगों के जरूरी कार्य प्रभावित होते हैं। वहीं स्कूली बच्चों को लेकर चलने वाली बसें और एंबुलेंस भी कई बार जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अतिक्रमण से और बिगड़ रही यातायात व्यवस्था
ज्ञापन में बस स्टैंड के आसपास अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया। अधिवक्ताओं ने कहा कि दुकानदारों और ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित होती है। बसों की आवाजाही और अतिक्रमण के चलते कई बार जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। जिला अधिवक्ता संघ ने जिलाधिकारी से शहरवासियों के हित और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रोडवेज बस स्टैंड को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की। साथ ही बस स्टैंड के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। संघ का कहना है कि बस स्टैंड के शहर से बाहर स्थानांतरित होने से कचहरी और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी राहत मिल सकती है। इससे अधिवक्ताओं के साथ स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।


No comments:
Post a Comment