बांदा, के एस दुबे । देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत किड्जी इंदिरा नगर, बांदा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अनूठी पहल की। बच्चों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रध्वज तिरंगा भेंट किया और देश के प्रति सम्मान व प्रेम का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल एवं अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज को तिरंगा भेंट किया। नन्हे हाथों से राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान देने और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाला यह दृश्य उपस्थित लोगों के लिए भावुक और प्रेरणादायी रहा।
बच्चों ने अपने छोटे से प्रयास के माध्यम से संदेश दिया कि देशभक्ति की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। बचपन से ही बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में बच्चों के साथ सौरभ चंद्र गुप्ता सहित किड्जी इंदिरा नगर का स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बच्चों की यह पहल राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान के साथ ही नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का सुंदर संदेश देती है।


No comments:
Post a Comment