बांदा, के एस दुबे । भाजपा द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के करीब आधा दर्जन मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। यात्राओं के माध्यम से लोगों को राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के तिंदवारी कस्बे में जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री
रामकेश निषाद ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा उस देशभक्ति की भावना का संदेश है, जिसे देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने संघर्ष और बलिदान से सींचा था। भारत माता की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहें।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष रामभवन उपाध्याय, जिला महामंत्री निखिल सक्सेना, अमित सेठ भोलू सहित पार्टी के क्षेत्रीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी क्रम में नरैनी मंडल में विधायक ओममणि वर्मा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वहीं अतर्रा मंडल, बड़ोखर मंडल के मटौंध तथा कमासिन मंडल में भी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्राएं निकालकर लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।


No comments:
Post a Comment