बांदा, के एस दुबे । शहर के बिजलीखेड़ा स्थित 22 फुट मड़ई के पीछे वाली गली में जर्जर बिजली लाइन लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। शिकायती पत्र के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे बिजली का तार टूट जाने के कारण पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। सूचना मिलने के बाद 13 अगस्त को तार जोड़ दिया गया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि जोड़ने के बाद तार काफी नीचे लटक गया है। इससे ई-रिक्शा और चार पहिया वाहनों के तार से टकराने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि वाहनों में करंट उतरने की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, बारिश के दौरान तार के नीचे करीब एक फुट तक
पानी भर जाता है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। शिकायत में यह भी बताया गया कि मौके पर विभागीय बिजली के खंभे नहीं हैं और पुराने खंभों में ही लाइन डालकर काम चलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता/संबंधित विद्युत अधिकारियों से मांग की है कि 22 फुट मड़ई के पीछे वाली गली में जर्जर तार को प्राथमिकता के आधार पर नए केबल से बदला जाए तथा विभागीय सीमेंट के खंभे लगाकर बिजली लाइन को सुरक्षित किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment